TMC Internal Crisis: तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को पार्टी की आंतरिक फूट के चलते नया झटका लगा है। विधायकों के बाद अब लोकसभा के 20 सांसदों ने भी पार्टी का अलग गुट बना लिया है। टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया है कि 20 सांसदों ने लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला को लिखे एक पत्र में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन का समर्थन की बात कही है।
पश्चिम बंगाल चुनाव में करारी हार के बाद पूर्व सीएम ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को लगातार झटके पर झटके लग रहे हैं। पहले 60 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए बंगाल में टीएमसी नेता ऋतब्रत बनर्जी ने अपना नया गुट बनाने का ऐलान किया। उन्हें बंगाल विधानसभा अध्यक्ष ने टीएमसी की तरफ से नेता विपक्ष स्वीकार कर लिया था। 20 सांसदों द्वारा लोकसभा स्पीकर को लिखे गए पत्र के चलते अब कुछ वैसी ही स्थिति लोकसभा में भी बन गई है।
BJP-NDA का समर्थन करेगा TMC का नया गुट
दरअसल, न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा, “20 टीएमसी सांसदों के हस्ताक्षर वाला एक पत्र लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेजकर एनडीए के साथ गठबंधन करने की इच्छा जताई गई है।”
काकोली घोष ने दावा किया कि लगभग 20 टीएमसी सांसद बीजेपी की लीडरशिप वाले सत्ताधारी एनडीए गठबंधन का समर्थन करेंगे।
‘विचार-विमर्श के बाद लिया फैसला’
संसद में टीएमसी की ताकत की बात करें तो वर्तमान लोकसभा में उसके 28 सांसद हैं और राज्यसभा में यह संख्या 12 है। बता दें कि यह संख्या पहले 13 थी लेकिन सोमवार को ही टीएमसी के एक राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने इस्तीफा दिया था।
लोकसभा सांसदों के पत्र के बाद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि वे लोकसभा में पार्टी की चीफ व्हिप भी हैं। टीएमसी सांसद काकोली घोष ने कहा है कि यह फैसला साथी सांसदों के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।
बता दें कि लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के इस रुख की वजह से पार्टी की मुखिया ममता बनर्जी की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। भले ही टीएमसी की चीफ अभी ममता बनर्जी हैं लेकिन यह संकेत मिलने लगे हैं कि विधानसभा में विधायकों और लोकसभा-राज्यसभा में सांसदों ने उनके हाथ से पार्टी छीन ली है।
हार के बाद महीने भर में ही बिखरने लगी ममता बनर्जी की पार्टी, क्या है टीएमसी का भविष्य?। OPINION
राजनीति में कहा जाता है कि वक्त बहुत ताकतवर होता है, जब आपका वक्त अच्छा होता है तो नेता, भीड़, कार्यकर्ता आपके साथ होते हैं लेकिन जब वक्त कमजोर होता है तो आप अकेले होने लगते हैं। ऐसा ही कुछ पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी की प्रमुख ममता बनर्जी के साथ हो रहा है। पढ़िए पूरी खबर…
