राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जरूरी निर्देश दिए हैं। NHRC ने आगामी नवरात्रि, दिवाली और छठ पूजा के दौरान स्थानीय वेंडर्स, रेहड़ी-पटरी वालों, फेरीवालों, कुम्हारों और छोटे कारोबारियों के रोजगार और मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।

NHRC को अलग-अलग शहरों से शिकायतें मिली थीं कि त्योहारों के दौरान स्थानीय वेंडर्स और फेरीवालों को कथित तौर पर बिना जरूरी कारण हटाया जाता है। उनकी दुकान या सामान जब्त करने, जुर्माना लगाने और परेशान करने की शिकायतें भी सामने आई थीं।

पिछले साल त्योहारों के दौरान NHRC के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने इन शिकायतों का संज्ञान लिया था। आयोग ने संबंधित राज्यों और स्थानीय प्रशासन को आरोपों की जांच कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

मानवाधिकार आयोग ने कहा है कि नवरात्रि, दिवाली और छठ पूजा के दौरान वेंडर्स को अनावश्यक रूप से न हटाया जाए और न ही उन्हें उनकी रोजी-रोटी से वंचित किया जाए। हालांकि, अगर अग्नि सुरक्षा या सार्वजनिक सुरक्षा के कारण किसी स्थान को खाली कराना जरूरी हो, तो वेंडर्स को उचित वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

आयोग ने यह भी कहा है कि वेंडर्स का सामान मनमाने तरीके से जब्त नहीं किया जाना चाहिए और उनके खिलाफ अनावश्यक कार्रवाई से बचना चाहिए। उत्पीड़न, जबरन वसूली या अनुचित हस्तक्षेप की शिकायतों पर कानून के मुताबिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

NHRC ने प्रशासन से “वोकल फॉर लोकल” की भावना के तहत स्थानीय वेंडर्स, पारंपरिक व्यवसायों और स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को बढ़ावा देने को भी कहा है।

आयोग ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को निर्देश दिया है कि इन आदेशों को जिलाधिकारियों, नगर निकायों, पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारियों तक व्यापक रूप से पहुंचाया जाए और इनका प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए। NHRC ने लंबित मामलों में अतिरिक्त या पूरी Action Taken Report (ATR) 18 अक्टूबर 2026 तक जमा करने को कहा है।

पंजाब चुनाव से पहले AAP में बढ़ी कलह, सांसदों के बाद विधायकों ने भी खोला मोर्चा, भगवंत मान के लिए बढ़ी चुनौती

पंजाब में भगवंत मान की सरकार को अब अपने ही विधायकों के असंतुष्टि का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी के विधायक के विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना भी उन विधायकों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भगवंत मान सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठाए हैं। पढ़ें पूरी खबर।