दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह उस समय स्थिति चिंताजनक हो गई, जब विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि इंडिगो की फ्लाइट के इंजन में कुछ खराबी आ गई थी। इस वजह से रनवे नंबर 28 पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई।
पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित लैंड करा दिया और सभी यात्री सुरक्षित हैं। आज तक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह 10:54 बजे रनवे 28 पर इंडिगो विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई।
मौके पर दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस पहले से ही तैनात थीं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। शुरुआती जांच में कहा जा रहा है कि टेक्निकल फॉल्ट की वजह से सभी एजेंसियों को अलर्ट किया गया था।
फिलहाल इंडिगो की तकनीकी टीम फ्लाइट की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर खराबी कैसे आई। इस विमान में कुल 161 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी फ्लाइट से रवाना कर दिया गया है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 से फरवरी 2026 के बीच 754 विमानों का ऑडिट किया जा चुका है। इनमें से 377 विमान ऐसे पाए गए, जिनमें बार-बार तकनीकी खराबी सामने आई है। संसद की स्थायी समिति की ऑडिट रिपोर्ट भी इस स्थिति को चिंताजनक बता रही है।
ये भी पढ़ें- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की खास बातें
