कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े हुए इंडिगो के एक विमान पर शुक्रवार को बिजली गिर गई, हालांकि विमान में सवार सभी 140 से अधिक लोग सुरक्षित हैं। सूत्रों ने बताया कि विमान कोलकाता से अगरतला जाने वाला था। उन्होंने कहा कि घटना के बाद विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया।
इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। हालांकि इस घटना में एयरपोर्ट पर तैनात दो ग्राउंड स्टाफ को हल्की चोटें आईं। दोनों कर्मचारियों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को स्वस्थ बताया है और उनकी हालत सामान्य है। बताया जाता है कि इंडिगो का विमान 6E6068 (VT-IPW) एयरोब्रिज 56L पर खड़ा था तभी सुबह करीब 9.30 बजे उस पर बिजली गिर गई। यह जानकारी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के एक अधिकारी ने दी।
घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है। एहतियात के तौर पर विमान में सवार सभी 141 यात्री और 6 क्रू सदस्यों को उतार लिया गया। बाद में उन्हें दूसरे विमान VT-ICD में बैठाया गया जिसने अगरतला के लिए उड़ान भरी। फिलहाल विमान को कितना नुकसान हुआ है, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। तकनीकी टीम विमान की जांच कर रही है और पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही नुकसान की स्थिति साफ हो पाएगी।
यह घटना क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश के बीच हुई। शुक्रवार सुबह से ही कोलकाता और उसके आस-पास के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश हो रही है। हालांकि एयरपोर्ट ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर (AOCC) पहले ही मौसम संबंधी चेतावनी जारी कर चुका था।
इंडिगो के दो कर्मचारी प्रभावित
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बिजली गिरने से इंडिगो के दो कर्मचारी प्रभावित हुए, हालांकि मेडिकल ट्रीटमेंट दिए जाने के बाद अब उनकी स्थिति स्थिर है। इंडिगो ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। सूत्रों के अनुसार, A320 नियो विमान में चालक दल समेत 140 से अधिक लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा कि विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया और यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया। सूत्रों ने यह भी बताया कि बिजली गिरने से पहले सभी यात्री विमान में सवार हो चुके थे और इस घटना के बाद विमान की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में ओला की सेवाओं पर प्रशासन ने लगाई रोक
चंडीगढ़ प्रशासन ने कैब यूजर्स को ओला राइड बुक न करने की चेतावनी दी है। चंडीगढ़ परिवहन विभाग ने बाइक और कैब बुकिंग प्लेटफॉर्म ओला का संचालन करने वाली एएनआई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। कंपनी का एग्रीगेटर लाइसेंस बुधवार (17 जून) से तत्काल प्रभाव से 6 महीने के लिए निलंबित कर दिया है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
