Uttarakhand Ankita Bhandari Murder Case: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को इंडिया गेट पर अंकिता भंडारी के परिवार से मुलाकात की है। अंकिता भंडारी के माता-पिता इंडिया गेट पर धरने पर बैठे हैं। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं।

अंकिता भंडारी उत्तराखंड की रहने वाली थी और सितंबर, 2022 में उसकी हत्या कर दी गई थी। अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी की हत्या के मामले में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका को लेकर सवाल उठाते रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग कर रहे हैं।

अंकिता भंडारी के परिवार ने बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल बनाने का विरोध किया है। दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर उत्तराखंड में लगातार प्रदर्शन किया है और अंकिता भंडारी के परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की है। 

अंकिता के माता-पिता ने कहा कि उन्होंने अपनी चिंताएं बताने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

उत्तराखंड में राजनीतिक दलों के साथ ही सामाजिक संगठनों की मांग है कि अंकिता हत्याकांड में ‘वीआईपी’ के नाम का खुलासा किया जाना चाहिए।

उत्तराखंड में बीजेपी के प्रभारी थे गौतम

दुष्यंत कुमार गौतम बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं। वह पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रहने के साथ ही उत्तराखंड में बीजेपी के प्रभारी भी रह चुके हैं। कांग्रेस ने गौतम को राज्यपाल बनाने के विरोध में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। मंगलवार को उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सीडब्ल्यूसी सदस्य गणेश गोदियाल ने देहरादून के गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने एक घंटे का प्रतीकात्मक मौन रखा था।

गोदियाल ने इस मामले में जांच की धीमी गति पर सवाल उठाया और कहा कि नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल के पद पर नियुक्त करना बेहद आपत्तिजनक है।

क्या है यह पूरा मामला?

ऋषिकेश के नजदीक वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की 18 सितंबर, 2022 को हत्या कर दी गई थी। घटना के चार दिन बाद उसका शव नहर से बरामद किया गया था। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को अदालत ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

इस मामले ने पिछले साल दिसंबर में उस समय एक बार फिर राजनीतिक तूल पकड़ लिया था, जब पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच कथित बातचीत के कुछ ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इसके बाद हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका को लेकर नए सिरे से सवाल उठे थे।

अंकिता के परिवार से मिले थे सीएम धामी

इसके बाद कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया था। इन प्रदर्शनों में अंकिता के माता-पिता ने भी हिस्सा लिया। बढ़ते विरोध के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस साल जनवरी में अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की थी और बाद में मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

यह भी पढ़ें- अंकिता भंडारी मामले को लेकर बीजेपी नेतृत्व अलर्ट

अंकित भंडारी की हत्या मामले ने उत्तराखंड की राजनीति में जबरदस्त हलचल पैदा कर दी है। हाल ही में इस घटना को लेकर अभिनेत्री उर्मिला सनावर के द्वारा कुछ बातें सोशल मीडिया में कही गई हैं और इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।