लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (INDIA) गठबंधन के नेताओं से कहा है कि लोगों के बीच पनप रहे गुस्से को देखते हुए अगला आम चुनाव पहले ही जीता जा चुका है लेकिन समस्या यह है कि जीतने के लिए कोई स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव ही नहीं होगा।
इस सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली में INDIA गठबंधन के नेता सोमवार को जुटे थे।
INDIA गठबंधन के नेताओं से एकजुट रहने की अपील करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अगर हम एकजुट होकर मुकाबला करें तो बीजेपी को हराना आसान है। गांधी ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर INDIA गठबंधन की बैठक में दिए गए नौ मिनट से अधिक लंबे भाषण का वीडियो शेयर किया।
INDIA गठबंधन की बैठक में घटक दलों के नेताओं ने सर्वसम्मति से नीट और सीबीएसई से जुड़े विवादों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की थी। इसके अलावा मतदाता सूची के एसआईआर तथा ‘वोट लूट’ के मामले में प्रधान न्यायाधीश को पत्र लिखने का फैसला लिया गया था।
राहुल गांधी ने विपक्षी दलों से आह्वान किया कि वे इस सोच को छोड़ दें कि उनमें तालमेल नहीं है और वे मिलकर काम नहीं करते। उन्होंने कहा, ”ये सब वे विचार हैं, जिन्हें बीजेपी बढ़ावा दे रही है। यह सच नहीं है- मुझे सौ फीसदी भरोसा है और मैं इस समय डीएमके के लिए गारंटी दे सकता हूं। जब ‘आइडिया ऑफ इंडिया’ (भारत की मूल भावना) की रक्षा करने की बात आएगी, तो इस कमरे में मौजूद हर एक व्यक्ति साथ खड़ा होगा।”
डीएमके ने बैठक का बहिष्कार किया था क्योंकि कांग्रेस ने तमिलनाडु में उसके साथ गठबंधन तोड़कर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ हाथ मिला लिया था।
आरएसएस की सोच के खिलाफ है कांग्रेस
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि कांग्रेस मूल रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सोच के खिलाफ है। उन्होंने कहा, ”हम मर जाएंगे- कांग्रेस पार्टी में रहते हुए ही मर जाएंगे लेकिन बीजेपी या आरएसएस का साथ नहीं देंगे और न ही उनसे कोई समझौता करेंगे। ऐसा करने के लिए आपको हमारे सिर काटने होंगे। मैं इस देश में ऐसे लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जानता हूं जो कहेंगे- हमारे सिर काट दो, लेकिन हम आरएसएस के सामने नहीं झुकेंगे।”
आलोचना को स्वीकार करेंगे- राहुल
बैठक में राहुल गांधी ने कहा, ”आज कांग्रेस पार्टी के बारे में जो बातें कही गईं, उनका जवाब देना मेरा काम नहीं है। मेरा काम तो ‘शैव परंपरा’ की तरह सब कुछ पी जाना है। उस नीलकंठ (भगवान शिव) का विचार, जो सारा विष पी जाते हैं। आप और जो कुछ भी कहना चाहें, चाहे फिर मेरे बारे में हो या कांग्रेस पार्टी के बारे में, जो भी आलोचना करना चाहें हम उसे स्वीकार करेंगे। हम खुशी-खुशी, चेहरे पर मुस्कान के साथ उसे स्वीकार करेंगे।”
राहुल ने आरोप लगाया कि बीजेपी देश की संस्थाओं, विधि प्रणाली, नौकरशाही, खुफिया एजेंसियों और यहां तक कि निर्वाचन आयोग को नियंत्रित करती है। गांधी ने कहा, ”तृणमूल में मेरे कई मित्र हैं। उन्हें पक्का यकीन था कि वे चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेंगे। मैं उनसे कहता रहा, आप ख्याली दुनिया में जी रहे हैं। मैंने देखा है कि क्या होता है। मैंने यह गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और महाराष्ट्र में देखा है। और फिर भी, आपमें से कई लोग अब भी मानने को तैयार नहीं हैं।”
चुनाव में चोरी का लगाया आरोप
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ”ममता जी को शत प्रतिशत यकीन नहीं है लेकिन उन्हें लगभग 90 प्रतिशत यकीन है कि उनके चुनाव की चोरी हुई है। (शिवसेना-यूबीटी अध्यक्ष) उद्धव जी को 40 प्रतिशत यकीन है कि उनके चुनाव की चोरी हुई है। मेरे भाई (राजद नेता) तेजस्वी जी को 40 प्रतिशत यकीन है। सुनिए… शत प्रतिशत चुनाव की चोरी हो रही है। इसलिए कृपया अपने मन की आशंका को निकाल दें।”
यह भी पढ़ें- 28 साल पहले ममता बनर्जी ने क्यों छोड़ी थी कांग्रेस?
4 मई 2026 को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के साथ ही ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक पतन की पटकथा लिखी जाने लगी। टीएमसी आज अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
