Rahul Gandhi News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई का सामना करने वाले नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं का समर्थन किया है।

राहुल गांधी ने एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ताओं की पिटाई का आरोप लगाते हुए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी और शाह भारत की आवाज के खिलाफ खड़े हैं।

राहुल गांधी एनएसयूआई के कुछ कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के साथ मीडिया के सामने आए। इन सभी को दिल्ली में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा पीटे जाने का आरोप है।

राहुल गांधी ने कहा, ”जैसा कि मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, अपने चारों ओर देखिए। यह भारत है। अमित शाह जी, इसे ध्यान से देखिए, यहां कोई हिंदू, कोई मुसलमान, कोई जाति, कोई महिला या कुछ और नहीं है। यहां सिर्फ एक आवाज, एक विरोध है और वह भारत की आवाज है।” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी इस आवाज के खिलाफ खड़े हैं।

वीडियो रिकॉर्डिंग रखें और सबूत हमें भेजें- राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, “मेरी सलाह है, इस आवाज के खिलाफ खड़े ना हों। कोई भी इस आवाज के खिलाफ नहीं टिक सकता। मैंने सभी छात्रों से कहा है कि वे वीडियो रिकॉर्डिंग रखें और वह सबूत हमें भेजें। जब यह पूरा मामला खत्म हो जाएगा, तो हम उन सभी सबूतों का इस्तेमाल करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन लोगों को सजा मिलनी चाहिए, उन्हें सजा मिले- चाहे वह पीएम नरेंद्र मोदी हों, ज्ञानेश कुमार हों, अमित शाह हों या फिर वे कॉन्स्टेबल ही क्यों न हो जो हमारे बच्चों पर हाथ उठा रहा है।”

सुनने की क्षमता पर पड़ा असर

राहुल गांधी ने इस दौरान केरल की निवासी और दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा आथिरा का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पुलिस कार्रवाई के कारण उसके एक कान की सुनने की क्षमता चली गई है। उन्होंने कहा, ”केरल की आथिरा के एक कान की सुनने की क्षमता चली गई है। उसके कान पर चोट मारी गई थी और अब वह उस कान से सुन नहीं सकती।” कांग्रेस नेता ने कहा, ”पिछली बार मैंने आपको एक लड़का दिखाया था जिसकी आंखों की रोशनी चली गई थी। अब आथिरा एक कान से सुन नहीं सकती।”

आथिरा ने आरोप लगाया कि मंगलवार को जब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया तो जिस बस में उन्हें ले जाया गया, उसमें कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। छात्रा के मुताबिक, उसने पुलिसकर्मियों से सवाल किया कि महिला पुलिस अधिकारी या महिला कांस्टेबल कहां हैं क्योंकि हिरासत में लेने की स्थिति में कम से कम एक महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी जरूरी है।

आथिरा ने आरोप लगाया कि इसके बाद बस चली और कनॉट प्लेस पुलिस थाने के सामने रुकी, जहां उसके चेहरे पर मारा गया। उसने कहा कि इसकी वजह से मेरी आंख में चोट लगी है और कान को भी नुकसान पहुंचा है।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने किया था प्रदर्शन

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित पुलिस थाने के बाहर धरना दिया था। इससे पहले राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था। एनएसयूआई ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई है।

यह भी पढ़ें- ‘अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा’

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह की सूची से हटा दिया है और इसके स्थान पर रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को नए प्रदर्शन स्थलों के रूप में नामित किया गया है। इसे लेकर अब कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।