बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के आवास के बाहर शनिवार की सुबह एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं दिखे। उन्होंने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने सरकारी आवास के बाहर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया है। दरअसल, बिहार सरकार ने लालू यादव और राबड़ी देवी को मिली Z+ सुरक्षा वापस ले ली है।
राज्य सरकार के इस फैसले के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया था। हालांकि, नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत तैनात किए गए शेष सुरक्षाकर्मियों को भी दोनों नेताओं ने अपने आवास से हटा दिया। बताया जा रहा है कि Z+ सुरक्षा हटाए जाने के बाद लालू-राबड़ी के आवास पर सीमित संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात थे, लेकिन अब उन्हें भी वापस भेज दिया गया है।
तेजस्वी यादव ने भी लौटाई सुरक्षा
इधर, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने अपने 1, पोलो रोड स्थित सरकारी आवास पर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया है। यह कदम उनके माता-पिता और राजद नेताओं लालू प्रसाद यादव तथा राबड़ी देवी की Z+ सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद उठाया गया।
बताया जा रहा है कि लालू-राबड़ी की सुरक्षा में कटौती के विरोध में तेजस्वी यादव ने भी अपने आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को हटाने का फैसला किया।
इस घटनाक्रम को लेकर बिहार की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। आवास के बाहर से आए फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पूर्व मुख्यमंत्रियों और तेजस्वी यादव के आवास के बाहर एक भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं है। सन्नाटा पसरा हुआ है।
गौरतलब है कि बिहार सरकार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को मिली ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली है। इसके साथ ही, राजद नेता और पूर्व विधायक तेजप्रताप यादव की ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा भी हटा दी गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद मीसा भारती और राजश्री यादव की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बिहार के गृह विभाग ने गुरुवार को यह आदेश जारी किया। सरकार के अनुसार, यह फैसला 4 जून को आयोजित राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में की गई सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। आदेश में बिहार पुलिस मुख्यालय समेत संबंधित अधिकारियों को नई सुरक्षा व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
गृह विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को दी गई ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा समाप्त कर दी गई है। हालांकि, दोनों पूर्व मुख्यमंत्री हैं और उन्हें इस लिहाज से बिहार सरकार के एक अलग कानूनी प्रावधान के तहत सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
