महाकुंभ के दौरान रुद्राक्ष बेचकर वायरल हुईं मोनालिसा एक बार फिर से चर्चा में हैं। मोनालिसा केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित तम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर पुलिस सुरक्षा की मांग की है। मोनालिसा अपने बॉयफ्रेंड फरमान के साथ थाने पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि दोनों ने केरल के ही एक मंदिर में शादी भी कर ली है। पिछले करीब डेढ़ साल से मोनालिसा और फरमान एक दूसरे के साथ रिश्ते में हैं और उन्हें अपने पिता से डर लग रहा है।
मोनालिसा के पिता कर रहें रिश्ते का विरोध
दोनों की मुलाकात फेसबुक पर हुई थी। अलग धर्म होने की वजह से मोनालिसा के पिता जय सिंह भोंसले इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं। मोनालिसा ने पुलिस शिकायत में आरोप लगाया है कि परिवार की ओर से उन पर दबाव बनाया जा रहा था और धमकियां मिल रही थी, इसी कारण उन्होंने घर छोड़ दिया। पुलिस ने मोनालिसा और फरमान से पूछा कि वे इतनी दूर केरल क्यों आए, तो दोनों ने बताया कि उन्हें लगा घर से इतनी दूर वह सुरक्षित तरीके से रह पाएंगे।
पुलिस ने मोनालिसा के दस्तावेजों के भी जांच की। इसमें वह बालिग पाई गईं। इसके बाद उनके पिता को भी थाने बुलाया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने कानूनी रूप से बालिग होने के कारण मोनालिसा को फरमान के साथ जाने की अनुमति दे दी। वहीं स्थानीय प्रशासन को भी बता दिया गया कि इस जोड़े की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
ये लव जिहाद है- सनोज मिश्रा
वहीं फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने भी इसको लेकर बड़ा दावा किया है। सनोज मिश्रा ने ही अपनी फिल्म में मोनालिसा को काम दिया था। सनोज मिश्रा ने फेसबुक पोस्ट में कहा, “मोनालिसा का आज का उठाया हुआ कदम उसको बगावत लग रहा होगा लेकिन असल में ये लव जिहाद है जिसका शिकार वो हो चुकी है। इसमें वो तोतला शिक्षक भी शामिल है जो मेरे द्वारा वेतन दिए जाने के बाद मोनालिसा का मैनेजर और दलाल बन चुका था। आज वो बेरोजगारों हो गया। उसको मैने मोनालिसा को शिक्षित करने के लिए चुना था , लेकिन बाद में वो दलाल बनकर उसका सौदा दक्षिण भारत में करने लगा था और बंजारा समुदाय से मेरी दूरी बना दी, जिसका परिणाम आज सामने है। उसने बंजारों और मोनालिसा को इतना समझाया था कि अगर कहीं कोई बात आए कि यहां तक लाने में आपको किसने मदद की तो सनोज मिश्रा का नाम मत लेना और बोलना कि सब गंगा मैया ने किया। चंद रुपयों के लालच में गंगा की पुत्री आज लव जिहाद का शिकार हो गई। अगर जांच की जाएगी तो इसके पीछे मेरे विरोधी ही होंगे, जिन्होंने मुझे जेल भिजवाया था।”
सनोज मिश्रा ने आगे लिखा, “आज सबसे बड़ा संकट इस्लामिक जेहादियों ने ये खड़ा कर दिया है कि जिस मोनालिसा को गंगापुत्री मानकर मैने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। 10 करोड़ का कर्ज लेकर फिल्म को पूरा किया और आज तक उसका पूरा खर्च मैने उठाया, उसकी वजह से जेल गया, वो सब उसने एक मुसलमान के साथ भाग कर नष्ट कर दिया,जिसके लिए सब किया। उसने आज मुझे कहीं जवाब देने लायक नहीं रखा। उसका बाप पुलिस स्टेशन के पास रो रहा है। अकेला मैं क्या करूं खुद नहीं समझ आ रहा। मां गंगा और महाकुंभ की पवित्रता पर क्या ये दाग है या मेरा किसी को गंदगी से उठाकर बड़ा बनाने का लिया गया गलत निर्णय कुछ समझ नहीं आ रहा, इसमें सबसे बड़े नुकसान में कौन रहा?” पढ़ें महाकुंभ वाली मोनालिसा के नए लुक ने यूजर्स के उड़ाए होश
