दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता में पंडाल घूमने जाने वालों के लिए अच्छी खबर है। त्योहार के दौरान मेट्रो स्टेशनों पर टिकट के लिए लंबी कतारों से बचने के लिए कोलकाता मेट्रो ने टिकट बुकिंग के दो नए विकल्प शुरू किए हैं। अब यात्री चुनिंदा स्टेशनों पर QR कोड स्कैन करके और Paytm ऐप के जरिए मेट्रो टिकट खरीद सकेंगे।

इस पहल का उद्देश्य टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों को कम करना और त्योहार के दौरान यात्रियों का सफर आसान बनाना है। इसके अलावा, दुर्गा पूजा के दौरान मेट्रो की अलग-अलग लाइनों पर विशेष सेवाएं भी चलाई जाएंगी।

QR कोड स्कैन करके खरीद सकेंगे टिकट

दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता में पंडाल घूमने और खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलते हैं। ऐसे में मेट्रो यात्रियों की पहली पसंद रहती है। त्योहार के दौरान टिकट काउंटरों पर भीड़ से बचने के लिए कोलकाता मेट्रो ने QR कोड आधारित टिकटिंग की सुविधा शुरू की है।

शुरुआत में यह सुविधा 12 स्टेशनों पर उपलब्ध होगी। यात्री इन स्टेशनों पर लगे QR कोड स्टिकर को स्कैन करके टिकट खरीद सकेंगे। इसके लिए किसी अलग ऐप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। मेट्रो रेलवे के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस सुविधा का विस्तार दूसरे स्टेशनों तक भी किया जाएगा।

Paytm ऐप से भी बुक कर सकेंगे मेट्रो टिकट

QR कोड के अलावा यात्री अब Paytm ऐप से भी कोलकाता मेट्रो का टिकट बुक कर सकेंगे। इस सुविधा के तहत यात्री किन्हीं भी दो मेट्रो स्टेशनों के बीच सफर के लिए टिकट खरीद सकते हैं। इससे पहले टिकट बुक करने के लिए ‘आमार कोलकाता मेट्रो’ ऐप का विकल्प उपलब्ध था। अब यात्रियों के पास टिकट खरीदने के लिए एक और विकल्प होगा।

इन 12 स्टेशनों पर मिलेगी QR कोड की सुविधा

शुरुआती चरण में कोलकाता मेट्रो के इन 12 स्टेशनों पर QR कोड से टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी:

  • एस्प्लेनेड (Esplanade)
  • दमदम (Dum Dum)
  • दक्षिणेश्वर (Dakshineswar)
  • रवींद्र सरोबर (Rabindra Sarobar)
  • महानायक उत्तम कुमार (Mahanayak Uttam Kumar)
  • कालीघाट (Kalighat)
  • हावड़ा (Howrah)
  • सियालदह (Sealdah)
  • शोभाबाजार-सुतानुति (Sovabazar-Sutanuti)
  • सॉल्ट लेक सेक्टर V (Salt Lake Sector V)
  • दमदम कैंटोनमेंट (Dum Dum Cantonment)

दुर्गा पूजा में रातभर चलेंगी मेट्रो ट्रेनें

टिकट बुकिंग की नई सुविधा के साथ कोलकाता मेट्रो ने दुर्गा पूजा के लिए विशेष ट्रेन सेवाओं की भी घोषणा की है। 15 से 21 अक्टूबर तक ब्लू, ग्रीन, पर्पल, येलो और ऑरेंज लाइन पर ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी। हालांकि, अलग-अलग लाइनों पर ट्रेनों की संख्या और परिचालन का समय अलग रहेगा।

ब्लू लाइन की टाइमिंग

  • 15 और 16 अक्टूबर (महापंचमी और महासष्ठी): सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक 284 सेवाएं चलेंगी। व्यस्त समय में हर 6 मिनट पर ट्रेन मिलेगी।
  • 17 से 20 अक्टूबर (महासप्तमी से महानवमी): दोपहर 1 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक 248 सेवाएं चलेंगी। व्यस्त समय में ट्रेनों के बीच 6 मिनट का अंतर रहेगा।
  • 21 अक्टूबर (दशमी): दोपहर 1 बजे से रात 10:30 बजे तक 140 सेवाएं चलेंगी। व्यस्त समय में हर 8 मिनट पर ट्रेन उपलब्ध होगी।

ग्रीन लाइन की टाइमिंग

  • 15 और 16 अक्टूबर: सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक 240 सेवाएं चलेंगी। व्यस्त समय में हर 6 मिनट पर ट्रेन मिलेगी। इस दौरान हावड़ा मैदान और सॉल्ट लेक सेक्टर V के बीच सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
  • 17 से 20 अक्टूबर: दोपहर 1:30 बजे से अगले दिन सुबह लगभग 4 बजे तक 192 सेवाएं चलेंगी। व्यस्त समय में ट्रेनों के बीच 8 मिनट का अंतर रहेगा।
  • 21 अक्टूबर: दोपहर 1:30 बजे से रात 10:30 बजे तक 74 सेवाएं चलेंगी। ट्रेनों के बीच 15 मिनट का अंतर रहेगा।

येलो लाइन की टाइमिंग

  • 15 और 16 अक्टूबर: सुबह 7:18 बजे से रात 9:20 बजे तक 120 सेवाएं चलेंगी। व्यस्त समय में हर 12 मिनट पर ट्रेन मिलेगी। जय हिंद बिमानबंदर और शहीद खुदीराम के बीच पांच सीधी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
  • 17 से 20 अक्टूबर: रोजाना दोपहर 3 बजे से रात 10:53 बजे तक 72 सेवाएं चलेंगी।
  • 21 अक्टूबर: दोपहर 3 बजे से रात 9:38 बजे तक 62 सेवाएं चलेंगी। व्यस्त समय में ट्रेनों के बीच 12 मिनट का अंतर रहेगा।

पर्पल लाइन की टाइमिंग

  • 15 और 16 अक्टूबर: सुबह 6:40 बजे से रात 9:26 बजे तक रोजाना 84 सेवाएं चलेंगी। व्यस्त समय में हर 21 मिनट पर ट्रेन मिलेगी।
  • 17 से 21 अक्टूबर: रोजाना दोपहर 3 बजे से रात 10:55 बजे तक 38 सेवाएं चलेंगी। ट्रेनों के बीच 25 मिनट का अंतर रहेगा।

ऑरेंज लाइन की टाइमिंग

  • 15 और 16 अक्टूबर: सुबह 7:40 बजे से रात 8:45 बजे तक रोजाना 62 सेवाएं चलेंगी। ट्रेनों के बीच 25 मिनट का अंतर रहेगा।
  • 17 से 21 अक्टूबर: महासप्तमी से दशमी तक ऑरेंज लाइन पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।

पिछले साल भी यात्रियों के लिए मिली थी खास सुविधा

पिछले साल दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता मेट्रो ने पर्यटकों की सुविधा के लिए टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड की पेशकश की थी। इसके तहत तीन दिन का कार्ड 250 रुपये और पांच दिन का कार्ड 550 रुपये में उपलब्ध था। इन कार्डों से यात्री तय अवधि के दौरान असीमित मेट्रो यात्रा कर सकते थे। इस बार QR कोड और Paytm से टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू होने से यात्रियों को टिकट खरीदने में आसानी होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले 11.4 लाख रेल कर्मचारियों को तोहफा, 78 दिन के बोनस को कैबिनेट की मंजूरी

रेलवे कर्मचारियों के लिए गुड न्यूज है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में रेलवे कर्मचारियों को प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय कैबिनेट ने कम से कम 11 लाख 40 हजार 770 रेलवे कर्मचारियों के लिए 78 दिन के वेतन के बराबर बोनस को मंजूरी दे दी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।