पूर्व आईपीएस अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी ने छात्र प्रदर्शनों से निपटने के लिए सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स (CDV) को तैनात करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि इन वॉलंटियर्स को सबसे आगे रखा जाना चाहिए जबकि दंगा नियंत्रण पुलिस को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए और हिंसा रोकनी चाहिए।

बेदी का यह सुझाव संसद मार्च के दौरान सुरक्षा कर्मियों पर छात्रों के साथ कथित मारपीट के आरोपों के बीच आया है। पिछले सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले छात्रों ने NEET पेपर लीक के विरोध में संसद मार्च निकाला था। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस, अर्धसैनिक बलों के जवानों और प्रदर्शनकारियों सहित कई लोग घायल हुए थे।

बेदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स सीमा पर तैनात बीएसएफ की तरह पहली सुरक्षा पंक्ति की भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें बताया कि छात्र प्रदर्शनकारियों के सामने सुरक्षा उपकरणों से लैस सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को तैनात किया जाना चाहिए। उनके पास लाठियां नहीं होनी चाहिए। वहीं दंगा नियंत्रण पुलिस को पीछे रहकर उनकी सुरक्षा करनी चाहिए और हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने से रोकना चाहिए।

छात्रों और पुलिस के बीच टकराव रोकने का सुरक्षित तरीका’

बेदी ने कहा कि छात्रों और पुलिस के बीच टकराव रोकने का सबसे सुरक्षित तरीका यह है कि प्रशिक्षित सिविल डिफेंस कर्मियों को सबसे आगे रखा जाए और मौजूदा व्यवस्था के तहत दंगा नियंत्रण पुलिस को पीछे तैनात किया जाए।

उन्होंने कहा कि हर राज्य में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स या होमगार्ड होते हैं। उन्हें विशेष प्रशिक्षण देकर छात्र प्रदर्शनों के दौरान पैदा होने वाली परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार किया जा सकता है।

बेदी के मुताबिक, सिविल डिफेंस कर्मियों के पास ईंट-पत्थरों से बचाव के लिए ढाल, बॉडी आर्मर और हेलमेट होने चाहिए। लेकिन उनके पास लाठियां नहीं होनी चाहिए। इससे प्रदर्शनकारियों के साथ सीधे टकराव की आशंका कम हो सकती है।

उन्होंने कहा कि दंगा नियंत्रण पुलिस को तभी कार्रवाई करनी चाहिए, जब सिविल डिफेंस की सुरक्षा पंक्ति पर दबाव बढ़े या उसके खतरे में पड़ने की स्थिति बने।

पुलिस की कार्रवाई को ठहराना होगा उचित

बेदी ने कहा कि सशस्त्र पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य लोगों की जान और संपत्ति की रक्षा करना है। इसलिए ऐसी कार्रवाई को उचित ठहराने के लिए पर्याप्त आधार होना चाहिए।

उनका मानना है कि प्रदर्शनों के दौरान सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की तैनाती से पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच सीधे टकराव को कम किया जा सकता है। इससे पुलिस कार्रवाई को लेकर लगने वाले आरोपों और उनके जवाब में होने वाले दावों की स्थिति भी कम हो सकती है।

यह भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के नेताओं पर FIR दर्ज, बंगला साहिब गुरुद्वारे में हंगामे का है मामला

दिल्ली पुलिस ने बंगला साहिब गुरुद्वारे में कथित हंगामे और घटना के भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत AAP नेताओं और MLA के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। इस मामले में दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (DSGMC) ने रविवार को अपनी शिकायत दी थी।