कांग्रेस नेता राहुल गांधी को शुक्रवार संसद से अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसे लेकर लोकसभा सचिवालय की ओर से नोटिफिकेशन भी जारी किया गया। इससे पहले गुरुवार को सूरत डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने राहुल को मोदी सरनेम आपराधिक मानहानि मामले में 2 साल जेल की सजा सुनाई थी। राहुल की सदस्यता रद्द होने के बाद अब भाजपा नेता खुशबू सुंदर का एक ट्वीट वायरल हो रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है।
खुशबू सुंदर ने 2018 में किया था ट्वीट
कांग्रेस के कई नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इस ट्वीट का स्क्रीनशॉट साझा किया और सवाल किया कि है क्या अब गुजरात के विधायक पूर्णेश मोदी खुशबू सुंदर के खिलाफ मामला दर्ज करेंगे, जो अब भाजपा में हैं और राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य हैं। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने शनिवार को ट्विटर के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया, ‘‘ मोदी जी क्या आप खुशबु सुंदर पर भी मानहानि का मुक़दमा मोदी नाम वाले अपने किसी शिष्य से दायर करवाएंगे? अब तो वह भाजपा की सदस्य हैं। देखते हैं।’’
दरअसल, खुशबू सुंदर जब कांग्रेस में थीं तो उन्होंने साल 2018 में एक ट्वीट किया था। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था, “यहां मोदी, वहां मोदी, जहां देखो मोदी, लेकिन यह क्या?? हर मोदी के आगे भ्रष्टाचार सरनेम लगा हुआ है? मोदी मतलब भ्रष्टाचार। चलिए मोदी का मतलब भ्रष्टाचार कर देते हैं।”
हताश है विपक्षी पार्टी- खुशबू सुंदर
जिसके बाद अब भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने ‘मोदी’ के नाम पर किए गए उनके पुराने ट्वीट सोशल मीडिया में कई बार पोस्ट किए जाने के बाद शनिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह दिखाता है कि विपक्षी पार्टी कितनी हताश हो चुकी है। NCW सदस्य खुशबू सुंदर ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘यह न केवल दिखाता है कि वे कितने निराश हैं बल्कि जिस मुद्दे को वे उछाल रहे हैं उसके प्रति उनकी अज्ञानता को भी उजाकर करता है।” खुशबू ने कहा, ‘‘मैंने कभी अपने टाइमलाइन से ट्वीट को हटाया नहीं है और न ही ऐसा करूंगी।’ ’उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता मेरा नाम लेकर क्या करने की कोशिश कर रहे हैं? क्या वो मेरी तुलना राहुल गांधी से कर रहे हैं?’’
यह कांग्रेस की भाषा थी- खुशबू
साल 2018 में किए गए ट्वीट पर सफाई देते हुए खुशबू ने कहा, ‘‘उस समय मैं कांग्रेस पार्टी में थी और केवल कांग्रेस प्रवक्ता का कर्तव्य निभा रही थी। यह वह भाषा थी जिसे हमें बोलना था और मैं यही कर रही थी। मैं पार्टी नेता का अनुकरण कर रही थी। यह उनकी भाषा थी।’’ जब उनसे पूछा गया कि क्या वह मोदी सरनेम का अपमान करने को गलत नहीं मानती तो उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी स्तर को नीचे ले गए और सभी मोदी को ‘चोर’ कहा, मैंने केवल भ्रष्टाचार शब्द का इस्तेमाल किया था। कांग्रेस पार्टी इसमें अंतर करने में असमर्थ है लेकिन अगर उनमें सामर्थ्य है तो मैं कांग्रेस नेताओं को मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की चुनौती देती हूं। मैं उसका कानूनी रूप से सामना करूंगी।’’
2020 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में हुई थीं शामिल
खुशबू सुंदर ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी नहीं चाहती थी कि मैं भाजपा सरकार द्वारा उठाए जा रहे सकारात्मक कदमों की प्रशंसा करूं। फिर चाहे तीन तलाक हो, अनुच्छेद-370 हटाना हो या नयी शिक्षा नीति हो। जब भी मैंने इनके प्रशंसा में ट्वीट किए तो कांग्रेस पार्टी को समस्या रही। गौरतलब है कि खुशबू सुंदर मौजूदा समय में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं। उन्होंने साल 2020 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन कर ली थी। खुशबू वह करीब 100 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उन्होंने सबसे पहले द्रमुक का हाथ थामा था और भाजपा में शामिल होने से पहले वह कांग्रेस में चली गई थीं।