भारत जोड़ो यात्रा को लेकर आए दिन सियासी घमासान देखने को मिल रहे हैं। पिछले दिनों भाजपा के हमलों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने एक ऐसा ट्वीट किया, जिसके बाद यह विवाद और भी बढ़ गया। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से खाकी पैंट में आग लगी एक तस्वीर शेयर की, जिसको लेकर भाजपा और आरएसएस कांग्रेस पर हमलावर हैं। अब असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की निक्कर पहने तस्वीर शेयर की है और कांग्रेस से पूछा है कि क्या इसे भी आग लगाओगे।
इसके पहले भी हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के ट्वीट पर पलटवार करते हुए इसे कांग्रेस की शर्मनाक मानसिकता बताया था। असम के सीएम ने ट्वीट करते हुए कहा था कि यह शर्मनाक मानसिकता दिखाने वाला शर्मनाक ट्वीट है। कांग्रेस अपनी असली मंशा को छिपा भी नहीं रही है। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा था कि ये ‘भारत जोड़ो’ की आड़ में ‘भारत तोड़ो’ में लिप्त हैं। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रवादियों को ठेस पहुंचाने के इरादे के लिए भारत कभी माफ नहीं करेगा।
कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से जलते खाकी निक्कर की तस्वीर शेयर किए जाने पर बवाल मचा है। इसको लेकर कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भी भाजपा पर कटाक्ष किया था और कहा था कि भाजपा निक्कर मामले को बेवजह तूल दे रही है क्योंकि वह राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से जनता का ध्यान भटकाना चाहती है।
कमलनाथ ने किया था भाजपा पर कटाक्ष
कमलनाथ ने भाजपा पर तंज कसते हुए यह सवाल भी किया कि क्या उसके सभी कार्यकर्ता निक्कर पहनते हैं? कमलनाथ ने कहा था कि भाजपा खुद को निक्कर से क्यों जोड़ती है? अगर कोई व्यक्ति निक्कर पहन ले, तो क्या वह भाजपा का हो गया? क्या भाजपा के सब लोग निक्कर पहनते हैं? उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से बौखलाई भाजपा जनता का ध्यान मोड़ना चाहती है।