केतन हत्याकांड की आरोपी सिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल वीडियो में मीडिया के सामने सिया ने मिडिल फिंगर दिखा दी। सिया के इस व्यवहार ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है, उन्हें जमकर ट्रोल भी किया जा रहा है। यह अलग बात है कि पुलिस ने इस पर कोई बयान नहीं दिया है।
वायरल हो रहा वीडियो गुरुवार को बताया जा रहा है जब पुलिस सिया सो लेकर उसके घर से बाहर निकली थी। घर से बाहर निकलते ही वहां मीडिया का जमावड़ा मौजूद था। जैसे ही पत्रकारों ने सिया से सवाल पूछने की कोशिश की, उसने मिडिल फिंगर दिखाकर कुछ इशारा किया। वहीं इशारा अब विवाद का विषय बन चुका है। पुलिस ने इस व्यवहार पर कोई भी टिप्पणी नहीं की है।
वैसे इस मामले एक तीसरे शख्स की भी एंट्री हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चेतन का एक और दोस्त केतन हत्याकांड के साथ जुड़ा हुआ था जिसे वारदात से पहले सबकुछ बताया गया था। इस दावे की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन कहा जा रहा है कि ये शख्स चेतन का क्लासमेट था। वारदात वाले दिन भी सिया चाहती थी कि यह शख्स उनके साथ चले। यह अलग बात है कि चेतन का वो दोस्त नहीं गया था और उसने सिया और चेतन को ऐसा ना करने की सलाह दी थी।
केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने हत्या की योजना को अंजाम देने की प्रैक्टिस की थी। पुलिस ने कहा कि यह प्रैक्टिस पुणे के लुल्ला नगर में एक क्लब के बगल में एक खुली जगह पर की गई थी। गुरुवार को एक पुलिस टीम सिया को इस खुली जगह पर ले गई।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच में यह भी पता चला है कि सिया और चेतन ने अपराध करने के बाद पुलिस के जाल से बचने के तरीके खोजने के लिए सोशल मीडिया और इंटरनेट का इस्तेमाल किया। अधिकारी ने कहा, “जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, यह साफ होता जा रहा है कि सिया और चेतन ने न केवल कथित साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई, बल्कि यह पक्का करने के लिए जानबूझकर कदम उठाए कि पुलिस इस घटना को हत्या के मामले के रूप में न पहचानें, अपराध को छिपाने और जांच को गलत दिशा में ले जाने के लिए फिजिकल और डिजिटल दोनों तरह के तरीके अपनाए।”
