केतन अग्रवाल को मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी द्वारा लोहागढ़ किले से धक्का दिए जाने से ठीक चार दिन पहले केतन ने अपने पिता से सिया का कहीं और अफेयर होने की चिंता जताई थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि केतन ने कहा था कि उसका फोन लगातार बिजी रहता है, वह बार-बार चेतन नाम के एक दोस्त का जिक्र करती है। केतन ने कहा था कि उसे शक है कि सिया का किसी और के साथ अफेयर चल रहा है।
पुलिस ने कहा कि यह पहली बार नहीं था जब केतन ने अपने परिवार के सामने इस तरह की चिंताएं जताईं थीं। जांच में शामिल एक अधिकारी ने बताया, “हमारी जांच से पता चलता है कि 14 जून को सिया के साथ लोहागढ़ से लौटने के बाद केतन ने अपने पिता से पूछा कि क्या सिया के बारे में सभी जानकारियों की ठीक से पुष्टि हो गई है। उसने अपने पिता को बताया कि सिया का फोन हमेशा बिजी रहता है और वह बार-बार चेतन चौधरी नाम के एक दोस्त का जिक्र करती है।
केतन को शक था कि सिया का किसी के साथ अफेयर है
केतन ने अपने पिता को बताया कि उसे शक है कि सिया का किसी के साथ अफेयर चल रहा है। केतन के चिंता जताने के बाद, उसके पिता और चाचा समेत परिवार के सदस्यों ने उसे समझाया कि उसका शक बेबुनियाद है क्योंकि वह सिया के परिवार को जानते थे।”
अधिकारी ने बताया कि सिया से मिलने के बाद केतन ने कई बार इसी तरह की चिंताएं जाहिर की थीं। अधिकारी ने आगे बताया, “उसने अपने पिता को बताया था कि जब वह 4 जून को लोहागढ़ किला नहीं गया तो सिया बहुत रोई और हंगामा किया। बाली ट्रिप कैंसिल होने के बाद केतन ने अपने पिता को बताया कि सिया पिछले एक महीने से उससे झगड़ा कर रही थी। इन सभी मौकों पर, परिवार के सदस्यों ने सिया की उम्र और पारिवारिक संबंध का हवाला देते हुए केतन को समझाने की कोशिश की।”
अदालत ने सिया और चेतन की पुलिस हिरासत बढ़ा दी
वहीं, दूसरी ओर सोमवार को पुणे की एक अदालत ने सिया और चेतन की पुलिस हिरासत 3 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी। दोनों से पूछताछ जारी है और जांचकर्ताओं ने सिया के परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने बताया कि सिया और केतन की सगाई 19 फरवरी 2026 को हुई थी और उनकी शादी इसी साल के अंत में होने वाली थी। हालांकि, सिया जो अक्टूबर 2025 से चेतन के साथ रिश्ते में थी, केतन से शादी नहीं करना चाहती थी।
पुलिस जांच में पता चला कि वह 31 मई और 14 जून को केतन को लोहागढ़ किले पर ले गई थी। इसके बाद 18 जून को दोबारा वहां गई, जहां उसने और चेतन ने केतन को चट्टान से धक्का दे दिया। जांचकर्ताओं ने यह भी बताया कि सिया ने 4 जून को केतन को किले पर आने के लिए मनाने की कोशिश की थी लेकिन उसके परिवार के विरोध के बाद यात्रा रद्द कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें: अदालत में दो वकीलों ने किया सिया गोयल के प्रतिनिधि होने का दावा
केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में अब एक नया कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। ऐसा इस वजह से क्योंकि अब दो वकील दावा कर रहे हैं कि वह सिया गोयल का केस लड़ रहे हैं। वकीलों में से एक एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव ने आरोपी सिया के भाई साहिल गोयल को कानूनी नोटिस भेजा है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
