पुणे के केतन अग्रवाल केस में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में आरोपी- केतन की मंगेतर सिया गोयल और सिया का दोस्त चेतन चौधरी- घटना के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार बता रहे हैं।

सूत्रों ने द इंंडियन एक्सप्रेस को बताया कि पुलिस की पूछताछ में चेतन ने बताया कि वह सिया के साथ भागना चाहता है लेकिन वह केतन से ‘छुटकारा’ पाना चाहती थी। दूसरी तरफ सिया का दावा है कि केतन का मर्डर चेतन का आइडिया था। इससे पहले वह एक कथित साजिश नाकाम होने पर टूट गया था।

सिया गोयल, चेतन चौधरी और केतन अग्रवाल के बारे में जानिए

सिया गोयल – पुणे की एक समृद्ध परिवार से संबंध रखने वाली 20 वर्षीय सिया गोयल पुणे कॉलेज में कॉमर्स की छात्रा है। उसका परिवार पुणे में मार्केट यार्ड के पास बिबवेवाड़ी में ‘लीला कुंज’ नाम के एक बड़े बंगले में रहता है और ड्राई फ्रूट्स का कारोबार करता है।

बिबवेवाड़ी दक्षिणी पुणे का एक बहुत पसंदीदा रिहायशी और कमर्शियल इलाका है। यह गहुंजे में स्थित लोढ़ा बेलमोंडो अपार्टमेंट ब्लॉक (सिया के मंगेतर केतन अग्रवाल के घर) से लगभग एक घंटे की दूरी पर है।

सिया को जानने वाले लोग उसे “खुशमिजाज” और फैशन में दिलचस्पी रखने वाली बताते हैं। कुछ समय से वह अपने बेकिंग के बिजनेस में भी एक्टिव है। हालांकि इस काम के बारे में लोगों को जानकारी नहीं है।

केतन की मौत मामले में हुए खुलासे से उनकी मां राखी अग्रवाल हैरान थीं। उन्होंने कहा, “सिया एक आम लड़की की तरह अच्छे स्वभाव की थी। वह हमेशा मुस्कुराती रहती थी। वह कई बार हमारे घर आई थी – पूजा, डिनर या जन्मदिन के लिए। हम साथ में शॉपिंग और खाने-पीने के लिए भी जाते थे।”

सिया और चेतन के परिवार दूर के रिश्तेदार थे। राखी अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने सिया के सामने घर में शराब न पीने और पार्टियों में न जाने शर्त रखी थी। 

इस साल वैलेंनटाइन डे पर पुणे के एक होटल में सिया और केतन की सगाई हुई थी जबकि शादी उदयपुर में एक महल में करने का प्लान था। शादी में महमानों को ले जाने के लिए दो चार्टर्ड विमानों का इंतजाम किया गया था।

केतन की मौत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में वो एक गिटारिस्ट के गाने पर डांस करते और केक काटकर जश्न मनाते दिख रहे हैं। एक अन्य वीडियो वो सिया को एक ऐसी कार में घुमाकर सरप्राइज देते हैं जिसकी सनरूफ फूलों से सजी हुई है।

अपने मंगेतर की मौत के बाद सिया का एक सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आया है। उन्होंने लिखा, “तुमने मुझे मेरे जन्मदिन पर ही छोड़ दिया। तुमने मुझे तब छोड़ा जब हमारी शादी होने ही वाली थी। मुझे अब भी समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया। मेरे कई सपने थे, कई ऐसे सवाल थे जिनके जवाब मुझे कभी नहीं मिलेंगे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तो तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया? तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।”

जब केतन और सिया प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली की फ्लाइट पकड़ने मुंबई गए थे, तब सिया का छोटा भाई भी उनके साथ था। पुलिस का दावा है कि सिया ने केतन का पासपोर्ट चुरा लिया, जिसकी वजह से उन्हें अपने प्लान रद्द करने पड़े।

कौन है चेतन चौधरी?

22 साल का चेतन चौधरी कथित तौर पर आठ महीने पहले ही एक पार्टी के दौरान सिया से मिला था। चेतन का परिवार पुणे की काफी साधारण श्री पार्श्व नगर सोसाइटी में कई सालों से रह रहा है। चेतन के पड़ोसियों का कहना है कि वो उस पर लगे आरोपों से हैरान हैं।

एक पड़ोसी ने नाम न छापने की शर्त पर द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि वो चेतन के परिवार को कई सालों से जानता है। चेतन बचपन से ही  स्पोर्ट्स खासकर क्रिकेट में काफी एक्टिव था। उन्होंने कभी भी चेतन को गुस्से में नहीं देखा।

चेतन के अंकल उदयराम ने बताया कि उनके लिए उस पर लगे आरोपों पर यकीन करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि चेतन एक खिलाड़ी था और उसका घर जीती हुई ट्रॉफियों से भरा पड़ा है।

चेतन के वकील राम सहाने ने बताया कि वह BBA की पढ़ाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि उसकी सोसायटी में जो भी चेतन को जानता है कि उसने उसे या तो खेलते या फिर अपने पिता बाबूलाल चौधरी की बिजनेस में मदद करते देखा।

बाबूलाल चौधरी का परिवार ड्राई फ्रूट्स और मसालों (धनश्री मसाला नाम से) का व्यापार करता है। उनका बिजनेस मार्केट यार्ड में है, यह जगह सिया गोयल के घर के पास ही है।

चेतन के परिवार का कहना है कि “सिया ने उसे झूठे मामले में फंसाया है”। बाबूलाल चौधरी ने बताया कि उन्हें दोनों के बीच रिश्ते के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा, “चेतन ने हमें बताया था कि वह सिया और केतन से कुछ फ़ीट की दूरी पर खड़ा था (जब केतन की कथित तौर पर हत्या हुई थी)।”

बाबूलाल चौधरी का यह भी दावा है कि पुलिस कस्टडी में चेतन को धमकाया जा रहा है। चेतन के वकील सहाने का कहना है कि उनका क्लाइंट “आरोपी नंबर 2” है। वे इस बात से इनकार नहीं करते कि चेतन और सिया लगातार संपर्क में थे, लेकिन उनका दावा है कि ये कॉल पूरी तरह से दोस्ताना और बिजनेस से जुड़े थे।

सहाने का कहना है कि पुलिस ने उनके बीच हुई 2000 से ज्यादा कॉल का जो जिक्र किया है, उसमें किसी भी तरह के क्रम या सबूत का अभाव है। उन्होंने कहा, “अब तक अदालत के सामने कोई सबूत पेश नहीं किया गया है।”

अमेरिका से पढ़कर आया था केतन

केतन अग्रवाल को उनके पड़ोसी मिलनसार बताते हैं। केतन के अपार्टमेंट ब्लॉक के दूसरे टावर में रहने वाली ललिता सिंह ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा “अग्रवाल परिवार के यहां सभी के साथ अच्छे संबंध हैं। केतन खुशमिजाज स्वभाव का था।”

अमेरिका के मैसाचुसेट्स में अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद केतन कुछ साल पहले भारत लौट आया था। महिंद्रा लॉजिस्टिक्स में इंटर्नशिप करने के बाद वह अपने परिवार की कंस्ट्रक्शन कंपनी ‘सक्सेस ग्रुप’ में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर और डायरेक्टर के तौर पर काम करने लगा।

यह भी पढ़ें: सिया को राजा रघुवंशी की मां ने बताया ‘छोटी सोनम’, कहा- चाल-ढाल उसके जैसी ही है

राजा रघुवंशी की मांं ने कहा, “ये छोटी सोनम है, इसकी चाल-ढाल आपने देखी होगी क्योंकि जब पुलिस ने इसको पकड़ा है तो यह छोटी सोनम जैसी ही चल रही है। इसको कोई फर्क नहीं पड़ा है कि इसने किसी के बेटे को मारा है। सिया को कोई पछतावा नहीं है।” पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।