Ketan Agarwal Death Case: केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में आए दिन नए-नए खुलासे सामने आ रहे है। ऐसे में अब इस पूरे मामले में एक नया कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। ऐसा इस वजह से क्योंकि अब दो वकील दावा कर रहे हैं कि वह सिया गोयल का केस लड़ रहे हैं। वकीलों में से एक एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव ने आरोपी सिया के भाई साहिल गोयल को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने साहिल से 10 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। साहिल ने वकील के तौर पर उनकी सार्वजनिक तौर पर सवाल उठाए थे।

समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा, “हमने साहिल गोयल को 10 करोड़ रुपये का मानहानि का नोटिस भेजा है। हमने ऐसा इसलिए किया क्योंकि हमने उनका एक बयान सुना जिसमें वे पूरी तरह से गलत बातें कह रहे हैं, झूठ बोल रहे हैं और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।”

सिया गोयल ने जरूरी लीगल डॉक्यूमेंट्स पर साइन किए- आशुतोष श्रीवास्तव

आशुतोष श्रीवास्तव ने आगे कहा, “जहां तक आरोपी सिया गोयल की बात है, उन्होंने सभी जरूरी लीगल डॉक्यूमेंट्स पर सही तरीके से साइन और मंजूरी दी है और वकालतनामे समेत वे दस्तावेज कोर्ट में जमा भी किए जा चुके हैं। उन्होंने हमें हाई कोर्ट में उनका पक्ष रखने का कानूनी अधिकार भी दिया है, जिसे हम आगे भी संभालेंगे।”

आशुतोष ने कहा, “साहिल गोयल से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमने उनसे कोई बात नहीं की है, किसी भी विषय पर उनसे कोई बातचीत नहीं हुई है और न ही कोई ईमेल का आदान-प्रदान हुआ है। इसलिए, उनकी तरफ से इस तरह का बयान बहुत गैर-जिम्मेदाराना और मानहानि करने वाला है और यह कानूनी बिरादरी पर सीधा हमला है। एक आरोपी के तौर पर, सिया गोयल को वकील रखने का पूरा कानूनी अधिकार है। अगर वे कभी भी अपना वकील बदलना चाहें, तो उसके लिए एक औपचारिक कानूनी प्रक्रिया है, जिसके लिए एनओसी की सख्त जरूरत होती है। साहिल गोयल को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि हम उनका प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं और उन्हें गलत बयान देने का कोई अधिकार नहीं है।”

कानूनी प्रतिनिधित्व को लेकर आमने-सामने के दावे

यह विवाद तब शुरू हुआ जब एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव ने सिया गोयल की ओर से सार्वजनिक रूप से पक्ष रखा और पुलिस हिरासत में दिए गए उसके कथित कबूलनामे की सबूत के तौर पर अहमियत पर सवाल उठाए। हालांकि, एक दिन के भीतर ही एक और वकील, विपुल दुशिंग ने घोषणा की कि वह और उनकी कानूनी टीम इस मामले में सिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे यह उलझन पैदा हो गई कि आखिर आरोपी ने आधिकारिक तौर पर किसे नियुक्त किया है।

सिया के भाई ने श्रीवास्तव के दावे को नकारा

सिया गोयल के भाई साहिल गोयल ने इस बात से इनकार किया है कि परिवार ने आशुतोष श्रीवास्तव को उसका वकील नियुक्त किया था। साहिल गोयल ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “हमने उन्हें (एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव) कभी नियुक्त नहीं किया और न ही वे ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें हमारे परिवार ने नियुक्त किया हो। वे जो दावा कर रहे हैं, उसके बारे में मुझे कुछ नहीं पता।”

यह भी पढे़ं: ‘परिवार का सामना करने से ज्यादा आसान केतन को मारना था’, पुणे पुलिस के सामने सिया गोयल का चौंकाने वाला कबूलनामा

लोहागढ़ फोर्ट मर्डर केस में आरोपी सिया गोयल ने बड़ा खुलासा किया है। सिया गोयल ने हिरासत में पूछताछ के दौरान दावा किया कि अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को मारना, अपने परिवार को यह बताने से आसान था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती। पुणे पुलिस के मुताबिक सिया गोयल ने यह भी दावा किया कि वह केतन अग्रवाल को इसलिए नापसंद करती थी क्योंकि वह विग पहनता था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…