Thrissur Firecrackers Factory Blast: केरल के त्रिशूर जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां की एक पटाखा फैक्ट्री में एक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसके बाद भीषण आग भी लग गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल भी हुए। रिपोर्ट्स में बताया गया कि ये खतरनाक हादसा तब हुआ, जब पूरम के लिए तिरुवंबाडी ग्रुप की ओर से पटाखों की सामग्री तैयार की जा रही थी। पीएम मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है।
जानकारी के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोगों ने पहले इसे भूकंप तक समझ लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में आग और धुएं का गुबार देखा। भीषण आग के चलते लोगों को रेस्क्यू करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
13 लोगों की मौत, कई शव क्षत-विक्षत
पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट और आग के चलते चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल था। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। तस्वीरों में भी लोग खुद रेस्क्यू करते नजर आए।
केरल स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक, अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, पांच शव पूरे मिले, जबकि तीन लोगों के शव क्षत-विक्षत मिले। अन्य पांच की हालत गंभीर है।
पीएम मोदी और सीएम विजयन ने जताया दुख
त्रिशूर के हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। PMO X पर एक पोस्ट में लिखा, “इस हादसे में लोगों की मौत की खबर सुनकर उन्हें बेहद दुख हुआ है।” उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने यह भी कामना की कि जो लोग इस हादसे में घायल हुए हैं, वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।
दूसरी ओर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी इस हादसे की जानकारी मिलने पर हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को हर जरूरी इलाज मुहैया कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद ली जाए।
राहुल गांधी ने भी किया पोस्ट
इस हादसे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी पोस्ट आया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “केरल के त्रिशूर में पूरम से कुछ ही दिन पहले एक आतिशबाजी कारखाने में हुए विस्फोट के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। जानमाल का भारी नुकसान और तबाही का भयावह मंजर दिल दहला देने वाला है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। सरकार को त्वरित बचाव कार्य और सभी घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए।”
स्थानीय लोगों के मुताबिक फैक्ट्री में ये धमाका दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ और उसके बाद भी बीच-बीच में छोटे धमाके होते रहे, जिससे बचाव कार्य में दिक्कत आई। बताया जा रहा है कि यह यूनिट खेतों के बीच बने अस्थायी शेड में चल रही थी। फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत टीम लगातार मौके पर काम कर रही हैं, लेकिन लगातार हो रहे धमाकों के कारण हालात काफी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
तमिलनाडु के विरुधुनगर पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट
घटना के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि फैक्ट्री के कई कमरे पूरी तरह तबाह हो गए और आसपास की इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा। इस हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। पढ़िए पूरी खबर..
