Kerala New Chief Minister: केरल में चुनाव परिणाम के बाद से प्रदेश के मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी गतिरोध को आखिरकार कांग्रेस ने सुलझा लिया है। कांग्रेस पार्टी ने केरल के मुख्यमंत्री के तौर पर वीडी सतीशन के नाम का चयन किया है। 61 साल के वीडी सतीशन केरल विधानसभा में नेता विपक्ष रह चुके हैं। वह पेशे से वकील हैं। वह केरल में कांग्रेस के सहयोगी दलों की भी पसंद बताए जा रहे हैं।
केरल में कांग्रेस विधायक दल के नेता के तौर पर वीडी सतीशन के नाम चुने जाने के बाद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि वो पार्टी के फैसले को स्वीकार करते हैं और केरल के सीएम के तौर पर चुने जाने पर सतीशन को बधाई देते हैं। केसी वेणुगोपाल ने कहा, “मैं उन्हें और यूडीएफ सरकार को हर तरह का सहयोग दूंगा।”
सीएम चुने जाने पर क्या बोले वीडी सतीशन?
वीडी सतीशन ने कहा कि एक नए युग की शुरुआत होगी, एक नया केरल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम जानते हैं कि केरल की वित्तीय स्थिति नाजुक है। हमें उम्मीद है कि हम सब कुछ बदल सकते हैं। AICC के सभी नेताओं ने मुझे फोन किया और बधाई दी।”
क्यों चुने गए वीडी सतीशन?
केरल कांग्रेस के अधिकतर विधायकों की पहली पसंद केसी वेणुगोपाल बताए जा रहे थे लेकिन राहुल गांधी ने विधायक दल के नेता के तौर पर वीडी सतीशन के नाम पर मुहर लगाई। माना जा रहा है कि पार्टी के सीनियर नेता एके एंथनी, वीएम सुधीरन और के मुरलीधनरन ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से जनभावनाओं को ध्यान में रखकर विधायक दल के नेता के नाम का चयन करने के लिए कहा था। इसी वजह से कांग्रेस ने वीडी सतीशन के नाम का चयन किया।
केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिए गए इस फैसले की जानकारी AICC की केरल-इंचार्ज दीपा दास मुंशी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को दी। केरल कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए वीडी सतीशन, रमेश चेन्नितला और केसी वेणुगोपाल ने दावा ठोक दिया था। तीनों ही नेता पीछे हटने के लिए तैयार नहीं थे। कांग्रेस पार्टी ने कई राउंड की बैठकों के बाद वीडी सतीशन के नाम का चयन किया।
केसी वेणुगोपाल ने आखिरी समय तक लगाया जोर
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, केसी वेणुगोपाल गुरुवार सुबह नौ बजे राहुल गांधी के आवास पर पहुंचे। वहां उनकी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ दो घंटे तक मीटिंग चली। इस दौरान दीपा दास मुंशी, मुकुल वासनिक और अजय माकन केरल की स्पेशल फ्लाइट पकड़ने के लिए कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी का इंतजार करते रहे।
रिपोर्ट के अनुसार, जब राहुल और प्रियंका ने केसी वेणुगोपाल को सीएम पद की रेस से हटने के लिए समझा लिया, इसके बाद AICC नेताओं ने रमेश रमेश चेन्नितला से संपर्क किया। सूत्रों ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि राहुल गांधी ने खुद रमेश चेन्नितला से बात की।
सूत्रों ने यह भी बताया कि जब राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल की मीटिंग चल रही थी, तब जयराम रमेश मल्लिकार्जुन खड़गे के आपास पर पहुंचे। इसके बाद वहां दीपा दास मुंशी, मुकुल वासनिक और अजय माकन भी पहुंचे। इस दौरान वीडी सतीशन सीएलपी मीटिंग में शामिल होने के लिए तिरुवनंतपुरम जा रहे थे जबकि रमेश चेन्नितला केरल स्थित अपने आवास पर बंद कमरे में चर्चा कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: केरल का मुख्यमंत्री चुनने में कांग्रेस ने क्यों लगा दिया इतना समय? जानिए वीडी सतीशन की क्या है ताकत
