केरलः इडुक्की में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 26
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीमों ने शनिवार सुबह तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया था।

केरल के इडुक्की जिले में भूस्खलन की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। यह जानकारी शनिवार को मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने NDRF के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दी। इससे पहले, मलबे से करीब 20 शव बरामद किए गए थे, जबकि लापता लोगों का पता लगाने के लिए लगातार हो रही बारिश के बावजूद प्रयास जारी थे। चाय बागान में काम करने वाले श्रमिकों के 20 मकान इस भूस्खलन की चपेट में आ गए थे।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीमों ने शनिवार सुबह तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया था। इडुक्की के जिलाधिकारी एच दिनेश ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘शुक्रवार रात को हमने दो शव बरामद किए थे। आज हमने दो और शव बरामद किए। इसके साथ ही, अब तक 20 शव बरामद किये जा चुके हैं।’’
जिला प्रशासन के पास उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, 46 लोग अभी भी लापता थे। उन्होंने बताया कि 12 लोगों को शुक्रवार को बचाया गया और उनका उपचार चल रहा था।
देविकुलम के उप जिलाधिकारी प्रेम कृष्णन ने मीडिया से कहा था, ‘‘पुलिस और दमकल अधिकारियों के अलावा एनडीआरएफ की दो टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। वे खराब मौसम के बावजूद काम कर रहे हैं। खराब मौसम की वजह से संचार सेवाओं और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।’’
इस बीच, शनिवार को मौसम विभाग ने राज्य के चार जिलों- आपदा प्रभावित इडुक्की, वायनाड, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, केरल में पिछले 24 घंटों में औसतन 95 मिलीमीटर बारिश हुई। (भाषा इनपुट्स के साथ)