केरल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। केरल में 9 अप्रैल को एक ही चरण में सभी सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि गिनती 4 मई को होगी। इस बीच सीपीएम ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए 81 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनके मंत्रिमंडल के 11 सदस्यों के नाम पहली सूची में है।
81 उम्मीदवारों की सूची जारी
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूची जारी की। उन्होंने कहा कि घोषित 81 उम्मीदवारों में से छह पार्टी समर्थित निर्दलीय हैं। पांच विधानसभा क्षेत्रों (कोडुवल्ली, कोट्टक्कल, कोंडोट्टी, तिरुर और पलक्कड़) के लिए स्वतंत्र उम्मीदवारों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि 56 मौजूदा विधायक चुनाव मैदान में हैं और मुख्यमंत्री विजयन के अलावा 11 मंत्री भी उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं।
विजयन लड़ रहे चुनाव
गोविंदन ने कहा कि विजयन सीपीएम पोलित ब्यूरो के एकमात्र सदस्य हैं जो चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि ए एन शमसीर (वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष) और एमएम मणि (इडुक्की जिले के पार्टी के एक अनुभवी नेता हैं) को पहली सूची में जगह नहीं मिली। विजयन उत्तरी कन्नूर जिले के अपने विधानसभा क्षेत्र धर्मदम से चुनाव लड़ेंगे। वहीं वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के. के. शैलजा कन्नूर के परवूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी।
विजयन के अलावा चुनाव लड़ रहे मंत्रियों में मनंथावाडी सीट से ओ आर केलू, बेपोर से पी ए मोहम्मद रियास, तनूर से वी अब्दुरहिमान, थ्रिथला से एमबी राजेश, इरिंजलाकुडा से आर बिंदू, कालामस्सेरी से पी राजीव, एट्टुमानूर से वी एन वासवन, चेंगन्नूर से साजी चेरियन, अरनमुला से वीना जॉर्ज, कोट्टाराक्करा से के एन बालगोपाल और नेमोम से वी. शिवनकुट्टी चुनाव लड़ रहे हैं।
कौन कहां से लड़ रहा चुनाव?
सीपीएम द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची में 10 महिला उम्मीदवार हैं। उनमें के के शैलजा, पी के श्यामला, के संथाकुमारी, आर बिंदू, एमबी शाइनी, पुष्पा दास, डालिमा जोजो, यू प्रतिभा, वीना जॉर्ज और ओ एस अंबिका शामिल हैं। इनमें से दो मंत्री और एक पूर्व मंत्री हैं। तालिपारम्बा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही श्यामला, गोविंदन की पत्नी हैं।
गोविंदन ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) सरकार ने सभी क्षेत्रों में जनहितैषी कल्याण और विकास सुनिश्चित किया है और पिछले दस साल में कई ऐसी परियोजनाओं को लागू किया गया है जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछला 10 साल राज्य में सांप्रदायिकता और संघर्षों से मुक्त रहा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का चयन लोकतांत्रिक तरीके से किया गया। पार्टी ने पुडुचेरी के माहे विधानसभा क्षेत्र से अपने उम्मीदवार टी अशोक कुमार (स्वतंत्र) की भी घोषणा की है। पुडुचेरी में भी 9 अप्रैल को मतदान होगा। पढ़ें पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के लिए वोटिंग के दिन बूथ पर मिलेंगी ये सुविधाएं
(यह भी पढ़ें- 5 राज्यों के चुनाव के लिए ये है बीजेपी का प्लान)
चुनाव आयोग (EC) ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही बीजेपी का प्लान भी साफ हो गया है। पार्टी असम में अपनी सत्ता बनाए रखना चाहती है जबकि बंगाल जीतना या कम से कम वहां अपनी स्थिति बेहतर करना चाहती है। पढ़ें पूरी खबर
