केरल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी हो गई है। पहली सूची में बीजेपी के 47 उम्मीदवारों के नाम हैं। केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर निमोम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं पूर्व अध्यक्ष के. सुरेंद्रन मंजेश्वर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। केरल की सभी सीटों पर 9 अप्रैल को वोटिंग होगी जबकि नतीजे 4 मई को आएंगे।
किसे कहां से मिला टिकट?
बीजेपी ने कन्नूर से सी. रघुनाथ, वडकारा से दिलीप, नादापुरम से विपिन चंद्रन को उम्मीदवार बनाया है। वहीं चर्चित पल्लकड़ विधानसभा सीट से शोभा सुरेंद्रन और चेंगनूर से गोपकुमार को टिकट दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन को भी बीजेपी ने कझाकूट्टम से टिकट दिया है। प्रियंका गांधी के खिलाफ वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुकीं नव्या हरिदास को पार्टी ने कोझिकोड उत्तर से टिकट दिया है।
सीपीएम ने जारी कर दी है 81 उम्मीदवारों की सूची
इससे पहले 15 मार्च की रात को सीपीएम ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए 81 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनके मंत्रिमंडल के 11 सदस्यों के नाम पहली सूची में है। सीपीएम द्वारा घोषित 81 उम्मीदवारों में से छह पार्टी समर्थित निर्दलीय हैं। पार्टी ने कहा कि पांच विधानसभा क्षेत्रों (कोडुवल्ली, कोट्टक्कल, कोंडोट्टी, तिरुर और पलक्कड़) के लिए स्वतंत्र उम्मीदवारों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। सीपीएम के 56 मौजूदा विधायक चुनाव मैदान में हैं और मुख्यमंत्री विजयन के अलावा 11 मंत्री भी उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं।
विजयन सीपीएम पोलित ब्यूरो के एकमात्र सदस्य हैं जो चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि ए एन शमसीर (वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष) और एमएम मणि (इडुक्की जिले के पार्टी के एक अनुभवी नेता हैं) को पहली सूची में जगह नहीं मिली। विजयन उत्तरी कन्नूर जिले के अपने विधानसभा क्षेत्र धर्मदम से चुनाव लड़ेंगे। वहीं वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के. के. शैलजा कन्नूर के परवूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी।
(यह भी पढ़ें- 5 राज्यों के चुनाव के लिए ये है बीजेपी का प्लान)
चुनाव आयोग (EC) ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही बीजेपी का प्लान भी साफ हो गया है। पार्टी असम में अपनी सत्ता बनाए रखना चाहती है जबकि बंगाल जीतना या कम से कम वहां अपनी स्थिति बेहतर करना चाहती है। पढ़ें पूरी खबर
