सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। वायरल होने के पीछे वजह यह थी कि बीजेपी के सांसद सी. सदानंदन मास्टर ने अपने आर्टिफिशियल पैर मेज पर रख दिए। केरल की सरकार की अगुवाई कर रही सीपीएम के सांसदों ने इसका जोरदार विरोध किया।
संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू करते हुए सदानंदन मास्टर ने ऐसा किया।
सदानंदन ने कहा, “लोकतंत्र का शोर मचाने वालों ने 31 साल पहले केरल में मुझ पर हमला किया था। मैं घर लौट रहा था जब संगठित अपराधियों ने मुझे पीछे से पकड़ लिया, सड़क पर गिरा दिया और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए मेरे पैर काट दिए।” इस बात को सदानंदन मास्टर ने अपनी बेंच पर बैठे हुए ही कहा क्योंकि तब उनके आर्टिफिशयल पैर मेज पर ही थे।
कौन हैंं सदानंदन मास्टर? वामपंथियों ने काट दिए थे पैर
सदानंदन ने कहा, “मैं देश और जनता के सामने यह दिखाना चाहता हूं कि लोकतंत्र क्या होता है। आप हमेशा लोकतंत्र, सहिष्णुता और मानवता की बात करते हैं। आपकी प्रतिबद्धता राजनीतिक हिंसा पर आधारित है, जो लोकतंत्र के लिए अच्छी नहीं है।”
सी. सदानंदन मास्टर का नाम पिछले साल जुलाई में तब पहली बार चर्चा में आया था जब बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा भेजे जाने का ऐलान किया था। तब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सदानंदन का जीवन अन्याय के आगे न झुकने का प्रतीक है।
Exclusive: थोपी जा रही हिंदी? केरल में कैसे करेंगे विस्तार, राजीव चंद्रशेखर ने दिया हर सवाल का जवाब
कम्युनिस्ट विचारधारा को मानता था परिवार
सदानंदन मूल रूप से कन्नूर के मट्टनूर के पास पेरिंचरी गांव के रहने वाले हैं। उनका गांव सीपीएम का गढ़ है। उनका परिवार तो कम्युनिस्ट विचारधारा को मानने वाला था लेकिन वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े।
आरएसएस में शामिल होने की वजह से सीपीएम के कुछ स्थानीय नेता उनका विरोध करने लगे। 25 जनवरी 1994 को रात लगभग 8:30 बजे अपराधियों के गुट ने उन पर हमला किया। उस वक्त वह बस से उतरकर अपने घर की ओर जा रहे थे। तब वह कन्नूर जिले में आरएसएस के सहकार्यवाह थे।
सदानंदन ने कूथुपरम्बु विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार के रूप में 2016 और 2021 का विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली थी।
‘आज मेयर, कल मुख्यमंत्री भी होगा’, अमित शाह ने केरल में बीजेपी के मिशन का किया ऐलान
