दिल्ली में शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन का ऐलान किया था। जिसको विपक्ष के कई दलों ने समर्थन दिया। हालांकि, कांग्रेस ने इस प्रोटेस्ट को खुद से दूर रखा। कॉकरोच जनता पार्टी के आज के प्रोटेस्ट को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने बड़े स्तर पर तैयारी की थी।

सुबह करीब 10 बजे जब कॉकरोज जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास मुंबई से दिल्ली एयरपोर्ट लैंड हुए वैसे दिल्ली पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। इससे पहले पुलिस ने गुरुग्राम में यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत में लिया था। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली समेत अलग-अलग राज्यों से नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू किया।

दिल्ली पुलिस ने जिन लोगों को हिरासत मे लिया उनमें से प्रमुख रूप से दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के नेताओं डेरेक ओ’ब्रायन, डोला सेन और पार्टी के अन्य सदस्यों के साथ साउथ एवेन्यू से हिरासत में लिया गया।

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास, AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और दुर्गेश पाठक का नाम शामिल है।

वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को पंजाब के कई पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे चंडीगढ़ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

इस विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मुख्य कार्यकारी अधिकारी के कार्यालय की ओर मार्च करते हुए निकले और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाते हुए जवाबदेही की मांग की। प्रदर्शनकारियों द्वारा सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश के बाद तनाव बढ़ गया, जिसके चलते पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और सिसोदिया, हरपाल सिंह चीमा और पंजाब पार्टी के प्रमुख नेताओं सहित कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना पड़ा।

मुंबई पुलिस ने कार्यकर्ता तुषार गांधी और अन्य लोगों को अगस्त क्रांति मैदान में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में ले लिया। यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में था। एक अधिकारी ने बताया कि महात्मा गांधी के परपोते और ‘हम भारत के लोग’ संगठन के प्रमुख तुषार गांधी को बांद्रा से उठाया गया और डीएन नगर पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

तुषार गांधी ने X पर एक पोस्टर साझा किया था। जिसमें नागरिकों से दोपहर 3.30 बजे अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि कार्यकर्ता फीरोज मिथिबोरवाला को भी उनके आवास से हिरासत में लिया गया और एमआईडीसी पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

‘अराजक तत्व फेल, दिल्ली को बंधक बनाने की कोशिश की थी’, बीजेपी नेता संबित पात्रा बोले- भीड़तंत्र पर लोकतंत्र की जीत

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को लेकर विपक्ष और प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधा। संबित पात्रा ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो हो रहा है, टीवी पर जो दिख रहा है और सोशल मीडिया के कुछ हैंडल पर जंतर-मंतर को दिखाया जा रहा है, वो भारत की कहानी नहीं है। पढ़ें पूरी खबर।