हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की पार्वती घाटी स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल कसोल में शनिवार शाम पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में एक स्थानीय युवक को गोली लग गई। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के चार पर्यटकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे कसोल के एक होटल के पास हुई। बताया जा रहा है कि पंजाब से आए कुछ पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक पर्यटक ने कथित तौर पर पिस्तौल से गोली चला दी, जो एक स्थानीय युवक के पैर में जा लगी।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी हाथ में पिस्तौल लेकर घायल युवक का बाजार में पीछा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच दहशत फैल गई। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मणिकरण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली। पुलिस ने पंजाब के चार पर्यटकों को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (29) निवासी तरनतारन, अमन रंधावा (22) निवासी अमृतसर, सुखमनदीप सिंह (17) निवासी फिरोजपुर और करनदीप सिंह (22) निवासी गुरदासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गुरदासपुर जिले के बटाला निवासी तमन नामक एक अन्य आरोपी घटना के बाद फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
