मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन से लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिसवालों के साथ प्रदर्शनकारियों की मारपीट और प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिसकर्मियों की मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर भरे पड़े हैं। इस बीच गुरुवार को कनॉट प्लेस में मोएट्स रेस्टोरेंट के बाहर कथित तौर पर कांग्रेस समर्थकों ने एक युवक को बुरी तरह से पीट दिया।

पीड़ित ने खुद को कश्मीर का मुसलमान बताया है और कहा है कि वह पीएम मोदी का फैन है। बताया जा रहा है कि वह युवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारेबाजी कर रहा था और राहुल गांधी का विरोध कर रहा था। इसी दौरान कांग्रेस समर्थकों ने पहले तो उसके साथ बहसबाजी की और फिर देखते ही देखते मीडिया के सामने ही उसे बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया।

‘राहुल के विरोध में पीटना जानते हैं यह लोग’

युवक ने कहा कि यह विपक्ष है जो राहुल के विरोध पर पीटना जानता है। बता दें कि यह घटना कनॉट प्लेस के उसी इलाके के आसपास हुई है जहां कांग्रेस ने विपक्षी सांसदों के लिए लंच का आयोजन किया है। इसी दौरान एक शख्स वहां पीएम मोदी के समर्थन में नारेबाजी करता है और उसके हाथ में एक बैनर होता है।

पीड़ित ने खुद को श्रीनगर का बताया

पीटीआई के मुताबिक, जिस युवक को पीटा गया है उसका नाम फहीम नजीर है और उसने खुद को श्रीनगर का बताया है। पीड़ित ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मैंने राहुल गांधी को गाली नहीं दी, कोई अपशब्द नहीं कहा, बिना बात के मुझे मारा गया है। इस युवक ने कहा कि मेरे देश को नेपाल और बांग्लादेश बनाने की साजिश रची जा रही है, मैं इस देश का नागरिक हूं इसलिए मैंने ऐसा नहीं होने देना है।

फहीम नजीर ने मीडिया से बातचीत में कहा, “EVM पहली बार 1998 में राजीव गांधी लाए थे… आप सबके पास फुटेज है… मैंने राहुल गांधी को गाली नहीं दी, लेकिन मुझे बुरी तरह पीटा गया। मैंने यह पहल इसलिए की है ताकि देश को समझाया जा सके कि देश को नेपाल… बांग्लादेश बनाने की साज़िश चल रही है।” राहुल गांधी से सवाल पूछे जाने चाहिए कि क्या यही देश में बोलने की आजादी है?

विपक्ष के प्रदर्शन का आज तीसरा दिन

बता दें कि दिल्ली में आज विपक्ष के प्रदर्शन का लगातार तीसरा दिन है। कनॉट प्लेस (CP) और उसके आसपास के इलाकों में प्रदर्शनकारियों की भीड़ है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल स्थित एक रेस्टोरेंट में लोकसभा और राज्यसभा के विपक्षी (INDIA Alliance) सांसदों के लिए एक महत्वपूर्ण लंच बैठक बुलाई गई है जिसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। उसके बाद आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली: राजघाट पर धारा 163 लागू! किसी भी तरह की भीड़ जुटाने पर रोक, कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से पहले पुलिस ने लिया एक्शन

दिल्ली में कांग्रेस पार्टी द्वारा चुनाव आयोग (EC) के खिलाफ राजघाट पर विरोध प्रदर्शन के ऐलान के तुरंत बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए राजघाट और उसके आसपास के इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत सभी प्रकार के धरना, प्रदर्शन और भीड़ जुटाने पर रोक लगा दी है। यहां पढें पूरी खबर…