कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस. सिद्धारमैया के कथित स्टिंग ऑपरेशन को लेकर राज्य के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने रविवार को बड़ा दावा किया है। प्रियांक खड़गे ने कहा है कि स्टिंग में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन नई दिल्ली में खरीदा गया था और इसे वहां केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के सरकारी आवास पर एक शख्स को सौंपा गया था।
प्रियांक खड़गे ने इसे ठोस सबूत बताया है।
कलबुर्गी में मीडिया से बात करते हुए प्रियांक खड़गे ने कहा, “पुलिस को ऐसे तकनीकी सबूत मिले हैं जो कुमारस्वामी और उनके सहयोगियों के आवास की ओर इशारा करते हैं। मैं जो कह रहा हूं, वह केवल परिस्थितिजन्य साक्ष्य नहीं है, बल्कि ठोस, तकनीकी सबूत हैं कि सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वरिष्ठ नेताओं की छवि खराब करने के लिए एक केंद्रीय मंत्री गंदी राजनीति कर रहे हैं।”
राहुल गांधी से मिल सकते हैं सिद्धारमैया
पूर्व सीएम सिद्धारमैया अभी नई दिल्ली में हैं। सिद्धारमैया के कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करने की संभावना है। मुलाकात में वे इस कथित स्टिंग ऑपरेशन पर चर्चा कर सकते हैं।
छवि खराब करने की कोशिश
केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन उनके कार्यालय ने शुक्रवार को एक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार के भीतर कुछ लोग चाहे सीधे तौर पर या सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) जैसी जांच एजेंसियों के जरिए मीडिया में मनगढ़ंत और भ्रामक जानकारी लीक करके नेताओं की छवि खराब करने और झूठी कहानियां गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा?
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने जांच के बारे में बताया और पहली बार कुमारस्वामी का नाम भी लिया। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन सौंपने का काम प्रज्वल प्रसाद के निर्देश पर हुआ। प्रज्वल प्रसाद उस समय केंद्रीय मंत्री के आवास पर मौजूद थे।
सीसीबी ने अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में दिल्ली से रितेश पांडे को गिरफ्तार किया और उसे बेंगलुरु ले आई थी। बाद में उसे जमानत मिल गई। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि रितेश पांडे ने अपने बयान में खुलासा किया है कि वह विनोद शर्मा के साथ करोल बाग की एक मोबाइल दुकान पर गया था और वहां से एक मोबाइल खरीदा था। उन्होंने कहा, “इस मोबाइल को खरीदने के बाद, रितेश पांडे और विनोद शर्मा नई दिल्ली के कुशक रोड स्थित केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के आवास पर गए और वहां प्रज्वल प्रसाद को यह मोबाइल सौंप दिया। यह जानकारी रितेश पांडे के बयान के अनुसार है, जो प्रज्वल प्रसाद के निर्देशों पर काम कर रहे थे। माना जा रहा है कि ये तीनों लोग उस कार्यालय की सोशल मीडिया टीम के लिए काम करते हैं।”
दावों की जांच कर रही पुलिस
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुलिस इन दावों की जांच कर रही है। उन्होंने शर्मा और प्रसाद को नोटिस जारी किए थे लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने कहा कि दोनों ने अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया है और आगे की जांच उनसे पूछताछ पर निर्भर करेगी। उन्होंने बताया कि जांचकर्ता सीसीटीवी फुटेज, अन्य तकनीकी सबूतों और प्रसाद तथा पांडे के बीच हुए वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर से जब यह पूछा गया कि क्या कुमारस्वामी को कोई नोटिस जारी किया गया है या क्या कथित ऑपरेशन में उनकी संलिप्तता साबित हुई है तो उन्होंने ने कहा कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
क्या है यह मामला?
इस साल अक्टूबर की शुरुआत में यूट्यूब पर दो वीडियो सामने आए जिनमें केरल की एक महिला ने 2011 में सिद्धारमैया के साथ अपने संबंधों के बारे में बात की थी। उस समय वह महिला नाबालिग थी। बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक छिपे हुए कैमरे से रिकॉर्ड किया गया था। इसे कथित तौर पर ‘पावर टीवी’ के एमडी राकेश शेट्टी और कर्नाटक बाल अधिकार आयोग की पूर्व अध्यक्ष कृपा अल्वा ने रिकॉर्ड किया था। बाद में कांग्रेस ने कृपा अल्वा को पार्टी से निकाल दिया था।
6 अक्टूबर को सिद्धारमैया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ अज्ञात कंटेंट क्रिएटर्स फर्जी खबरें फैला रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में शेट्टी अल्वा और विपक्षी दल जेडी(एस) के सोशल मीडिया विंग से जुड़े कुछ लोगों सहित कई लोगों से पूछताछ की है।
पुलिस ने बताया था कि वीडियो में दिख रही महिला ने पूछताछ के दौरान कहा कि वह कभी सिद्धारमैया से नहीं मिली है। उसने यह भी बताया कि उसने वीडियो में जो कुछ भी कहा, वह कुछ लोगों के कहने पर कहा था।
यह भी पढ़ें- ‘यौन शोषण के आरोप मनगढ़ंत…’
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से जुड़े एक कथित स्टिंग ऑपरेशन वीडियो को लेकर बेंगलुरु पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कहा कि जांच में पता चला है कि यौन शोषण के आरोप एक मनगढ़ंत कहानी का हिस्सा थे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
