Karnataka FSDA: कर्नाटक सरकार ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त रवैया अपनाया है। फाइव-स्टार होटलों, रेस्तरां और क्लबों के बाद FSDA का पूरा ध्यान राज्यभर में आइसक्रीम बनाने वाली मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों पर है।
हाल ही में विभाग द्वारा राज्य की विभिन्न आइसक्रीम इकाइयों पर बड़े पैमाने पर औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया गया=, जिसके बाद खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
45 आइसक्रीम यूनिट्स पर छापेमारी और 70 से ज्यादा सैंपल जब्त
FSDA के खाद्य सुरक्षा डिवीजन द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हाल ही में राज्यभर की कुल 45 आइसक्रीम मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर विशेष छापेमारी की गई। इस दौरान अधिकारियों ने न केवल साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया, बल्कि विभिन्न इकाइयों से कुल 70 फूड सैंपल भी एकत्र किए।
इन नमूनों में आइसक्रीम, दूध, दूध पाउडर, फ्लेवरिंग एजेंट, चीनी, फूड एडिटिव्स और अन्य जरूरी कच्चे माल शामिल हैं, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए सरकारी प्रयोगशालाओं में भेजा गया है।
प्रसिद्ध कैफे और यूनिट्स में मिला एक्सपायर्ड सामान
इस विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। बेंगलुरु के जयनगर स्थित मशहूर ‘सवारा आइसक्रीम कैफे’ में छापे के दौरान भारी मात्रा में एक्सपायर्ड (अवधि समाप्त हो चुके) खाद्य उत्पाद पाए गए।
इनमें बिस्कुट, दूध, अल्केलाइज्ड चाय/कॉफी मिक्स और सूखा नारियल पाउडर शामिल था, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। इसी तरह, बेंगलुरु के बिलेकहल्ली स्थित ‘एम एन एंटरप्राइजेज’ में भी एक्सपायर्ड कैरेमेल, मिल्क स्वीटनर और खोया बरामद किया गया।
अन्य जिलों में भी सामने आई गंभीर खामियां
यह समस्या सिर्फ बेंगलुरु तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के अन्य शहरों में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान रायचुर की ‘जेमिनी आइसक्रीम मैन्युफैक्चरिंग यूनिट’ में बेहद अस्वच्छ और गंदे हालात पाए गए, जहां बिना साफ-सफाई के आइसक्रीम बनाई जा रही थी।
इसके अलावा, मैसूरु स्थित ‘जॉन कैंडी आइसक्रीम’ की सुविधा में पैकेटों पर जरूरी लेबलिंग से जुड़ी गंभीर कमियां पाई गईं, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का सीधा उल्लंघन है।
जन स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं: FSDA की चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग (FSDA) ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग का स्पष्ट कहना है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस तरह के विशेष निरीक्षण और छापेमारी अभियान पूरे कर्नाटक में लगातार जारी रहेंगे।
जो भी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट या प्रतिष्ठान खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 (Food Safety and Standards Act, 2006) और उसके नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री यू.टी. खादर के कार्यभार संभालने के बाद बढ़ी सख्ती
कर्नाटक में खाद्य सुरक्षा को लेकर यह आक्रामक रुख जून में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री यू.टी. खादर के मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद और अधिक तेज हुआ है। मंत्री के निर्देश पर विभाग लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
मुंबई में कमिश्नर तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में हुए प्रसिद्ध एफडीए क्रैकडाउन की तर्ज पर अब कर्नाटक में भी बड़े पैमाने पर होटल, क्लब, फास्ट फूड सेंटर और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स की लगातार जाँच की जा रही है।
फाइव-स्टार होटलों से लेकर आइसक्रीम फैक्ट्रियों तक हो रही जांच
पिछले कुछ महीनों में एफएसडीए की टीमों ने राज्यभर के कई फाइव-स्टार होटलों, प्रतिष्ठित रेस्तरां, फास्ट फूड सेंटरों और प्राइवेट क्लबों की किचन और स्टोरेज रूम की सघन जांच की है।
अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं तक पहुँचने वाला हर खाद्य पदार्थ पूरी तरह सुरक्षित, स्वच्छ और तय मानकों के अनुरूप हो। इस तरह के लगातार हो रहे एक्शन से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और वे अपनी व्यवस्था सुधारने पर मजबूर हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: एक्शन में IAS तुकाराम मुंढे: महाराष्ट्र के त्योहारों, भंडारों और कैटरर्स पर FDA की कड़ी नज़र, लागू हुआ नया नियम
वरिष्ठ IAS तुकाराम मुंढे जब से महाराष्ट्र खाद्य सुरक्षा निकाय के कमिश्नर की जिम्मेदारी संभाली है, तब से रेगुलेटरी बॉडी खाद्य संबंधी व्यवसायों को लेकर काफी ज्यादा सतर्क हो गई है। लोगों का आशंका रहती है कि न जाने कब तुकाराम मुंढे की नजर उनके ऊपर पड़ जाए, और गलती निकलने पर उनके खाद्य व्यवसाय का लाइसेंस ही रद्द हो जाए। इस बीच अब तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में खाद्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। पढ़िए पूरी खबर…
