कर्नाटक के कावेरी वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी इलाके में तीन तमिलों की गोली लगने से मौत हो गई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने कर्नाटक वन विभाग के अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर तीन तमिलों की हत्या की कड़ी निंदा की। साथ ही उन्होंने वन विभाग के इस घटना के स्पष्टीकरण को सही नहीं बताया।
मैं इस हत्याकांड की कड़ी निंदा करता हूं- विजय
X पर एक पोस्ट में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के ऑफिशियल हैंडल ने उनका बयान शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि कर्नाटक के कावेरी वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी इलाके में तीन लोगों को गोली मार दी गई। उन्होंने कहा, “यह दिल दहला देने वाला है कि एंथनी सामी, जॉन रोज़ पीटर और कुमार, जो कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुक के गांवों में रहने वाले तमिल थे, उन्हें 15 अगस्त, 2026 की सुबह कावेरी वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी इलाके में कर्नाटक वन विभाग के अधिकारियों ने गोली मार दी। मैं इस हत्याकांड की कड़ी निंदा करता हूं।”
‘पीड़ितों परिवारों को कर्नाटक सरकार से सहायता मिलनी चाहिए’
विजय ने कहा कि मौतों से जुड़े हालातों की पूरी और निष्पक्ष जांच की जरूरत है। उन्होंने कर्नाटक वन विभाग द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण की आलोचना की। उन्होंने कहा, “इस घटना के संबंध में कर्नाटक वन विभाग द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण अस्वीकार्य है।” विजय ने दोषियों को जवाबदेह ठहराने की मांग करते हुए कहा कि घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और पीड़ितों के परिवारों को कर्नाटक सरकार से सहायता मिलनी चाहिए।
विजय ने कहा, “इस क्रूर घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया जाना चाहिए और दोषियों को उचित दंड दिया जाना चाहिए। कर्नाटक सरकार को पीड़ितों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करनी चाहिए। मैं कर्नाटक सरकार से आग्रह करता हूं कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए कि ऐसी घटना दोबारा न हो।”
रविवार को चामराजनगर और मैसूरु में विरोध प्रदर्शन हुए, जिसमें मारे गए तीन लोगों के लिए न्याय की मांग की गई। चामराजनगर जिले के हनूर में तनाव व्याप्त रहा, क्योंकि ग्रामीणों और तीनों मृतकों के परिवार के सदस्यों ने दत्ती वन क्षेत्र में वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वन विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- BJP प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज, CM विजय और उनकी मां के बारे में की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
तमिलनाडु के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के खिलाफ एक महिला वकील ने राज्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पास शिकायत दर्ज कराई है। नैनार नागेंद्रन ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जोसेफ विजय और उनकी मां के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पढ़ें पूरी खबर
