कर्नाटक में सीएम पद को लेकर एक बार फिर से हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवाकुमार और गृहमंत्री जी परमेश्वर को दिल्ली बुलाया गया है। कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व तीनों नेताओं से चर्चा करेगा। हालांकि चर्चा किस मुद्दे को लेकर हो रही है, इसको लेकर कोई भी नेता बात करने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि अगले दो से तीन दिनों में कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है। इस बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार बैठक के लिए कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में मौजूद हैं।

मुस्कुराते हुए निकले डीके शिवकुमार

जब डीके शिवकुमार इंदिरा भवन के लिए अपने घर से निकल रहे थे, तब पत्रकारों ने उनसे बैठक को लेकर सवाल पूछा। डीके शिवकुमार ने कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि जब कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लगातार पत्रकारों ने सवाल पूछा तो डीके शिवाकुमार काफी देर तक मुस्कुराते रहे और गाड़ी में बैठकर इंदिरा भवन के लिए रवाना हो गए।

कर्नाटक कांग्रेस विधायक डॉ. एच.डी. रंगनाथ ने कहा, “जहां कड़ी मेहनत होती है, वहां इतिहास रचा जाता है। जहां विश्वास होता है, वहां चमत्कार होते हैं। हम सच में विश्वास रखते हैं और हमें जीत का पूरा भरोसा है। मुझे मुख्यमंत्री के मुद्दे पर न बोलने का नोटिस जारी किया गया है। मैंने जो बातें कही हैं, उनमें बहुत गहरा अर्थ छिपा है।”

मुख्यमंत्री पद के दो प्रबल दावेदार

साल 2023 में हुए कर्नाटक विधान सभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने सिद्धारमैया को राज्य का मुख्यमंत्री और डी.के. शिवकुमार को उप-मुख्यमंत्री बनाया था। उस समय मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि शिवकुमार ने भी मुख्यमंत्री पद पर दावा किया था। कांग्रेस आलाकमान ने दोनों नेताओं के बीच समझौता कराते हुए ढाई-ढाई साल सीएम बनाए जाने का आश्वासन दिया था। जब सीएम सिद्धारमैया का ढाई साल पूरा हो गया उसके बाद से शिवकुमार के समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की माँग करने लगे।

डी. के. शिवकुमार के अलावा कर्नाटक के गृहमंत्री जी. परमेश्वर को भी सीएम पद का दावेदार माना जाता है। परमेश्वर एससी वर्ग से आते हैं और अगर वह मुख्यमंत्री बनते हैं तो कर्नाटक के पहले एससी सीएम बनेंगे। कांग्रेस नेतृत्व ने परमेश्वर को भी दिल्ली में बैठक के लिए बुलाया है। कर्नाटक का मुख्यमंत्री चुनने में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का भी अहम रोल होगा। मल्लिकार्जुन खड़गे कर्नाटक से ही आते हैं।

(यह भी पढ़ें- कर्नाटक में बदलाव की अटकलों पर बोले सिद्धारमैया सरकार के मंत्री)

कर्नाटक में सरकार बनने से लेकर अब तक सीएम की कुर्सी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और गृहमंत्री डीके शिवकुमार के बीच टकराव देखने को मिलता रहा है। पढ़ें पूरी खबर