कर्नाटक में स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने के कार्यक्रम में बीजेपी के एक नेता द्वारा तिरंगे को सलामी देने के तरीके के मामले ने तूल पकड़ लिया है। दरअसल भाजपा कार्यालय में ध्वाजारोहण के दौरान राष्टगान बजाया गया। वहां मौजूद अन्य नेताओं ने तिरंगे को सलामी देनी शुरू की।

इसी बीच बीजेपी के एमएलसी एन. रविकुमार ने तिरंगे को आरएसएस के तरीके से सलामी देनी शुरू कर दी। इस मामले ने अब राज्य में तूल पकड़ लिया है। एमएलसी ने अपनी इस हरकत के लिए सफाई भी दी है।

वीडियो तेजी से हो रहा वायरल

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तिरंगे को लहराने के बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ शुरू हो रही है, इसी बीच भाजपा के अन्य नेता तिरंगे को सलामी देते दिख रहे, जबकि वहां मौजूद भाजपा एमएलसी एन. रवि ने आरएसएस तरीके से तिरंगे को ध्वज प्रणाम करने लगे। उन्होंने पूरे राष्ट्रगान के दौरान इसी तरीके से तिरंगे को सलामी दी।

कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और उनकी इस हरकत ने राष्ट्रगान के दौरान प्रोटोकॉल और समारोह के संचालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इधर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष, हरिप्रसाद बी.के. ने इस मामले को लेकर भाजपा को घेरा है।

हरिप्रसाद बी.के. ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने के कार्यक्रम में कर्नाटक बीजेपी MLC एन. रविकुमार का व्यवहार बेहद शर्मनाक है और यह बीजेपी-आरएसएस की विचारधारा वाली सोच को उजागर करता है।

उन्होंने लिखा, “भारतीय तिरंगे और राष्ट्रगान के सम्मान के लिए आयोजित कार्यक्रम में, आरएसएस-स्टाइल का ‘ध्वज प्रणाम’ करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति तय सम्मान दिखाने के बजाय ऐसा करना, केवल व्यक्तिगत पसंद का मामला नहीं है- यह गलत प्राथमिकताओं और वैचारिक निष्ठा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।”

बीजेपी को जवाब देना चाहिए- कांग्रेस

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आगे लिखा, “तिरंगा एक संप्रभु भारत का प्रतीक है, जिसे अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से हासिल किया गया है। यह किसी संगठन, विचारधारा या राजनीतिक दल के अधीन नहीं है, और निश्चित रूप से आरएसएस के तो बिल्कुल भी नहीं। बीजेपी को जवाब देना चाहिए: जब भारत के सम्मान की बात आती है, तो क्या संविधान और राष्ट्रीय ध्वज पहले आते हैं-या आरएसएस की विचारधारा? यही वह सोच है जिस पर भारतीयों को सवाल उठाना चाहिए और उसे नकारना चाहिए।”

समें कुछ भी गलत नहीं है- भाजपा एमएलसी

अपने ऊपर लग रहे आरोपों पर जवाब देने के लिए भाजपा एमएलसी एन. रवि कुमार मीडिया के सामने आए और उन्होंने झंडा फहराने के दौरान आरएसएस सलाम करने के तरीके पर जवाब देते हुए कहा, “हां, सम्मान दिखाने का यह भी एक तरीका है। मैं संघ से जुड़ा हूं, एक स्वयंसेवक हूं। अचानक मेरा हाथ इस तरह उठ गया। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। इसीलिए मैंने इस तरह हाथ रखकर सम्मान व्यक्त किया।”

यह भी पढ़ें: ‘वंदे मातरम’ पर घमासान, Video को लेकर बीजेपी ने घेरा, कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम’ के सभी छह अंतरों के गायन पर आपत्ति जताई जबकि कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें