वरिष्ठ वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। कपिल सिब्बल ने रविवार को कहा कि उन्हें ऐसे देश में रहने में शर्म आती है जहां तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी जैसे नेता पर हमला होता है। वहीं अभिषेक बनर्जी ने कपिल सिब्बल को अपने समर्थन में बोलने के लिए उनका धन्यवाद दिया।

मुझे शर्म आती है ऐसे देश में रह रहा हूं- कपिल सिब्बल

अभिषेक और कल्याण बनर्जी पर हुए कथित हमले पर बयान देते हुए कपिल सिब्बल ने कहा, “यह शर्मनाक है, बिल्कुल शर्मनाक। मुझे शर्म आती है कि मैं ऐसे देश में रह रहा हूं जहां ऐसा होता है। जहां सत्ता में बैठी राजनीतिक पार्टी लोकतंत्र की जो भी नींव है, उसे खत्म करने के लिए कोई भी तरीका अपनाएगी। हमारे महान नेताओं ने यह गणतंत्र बनाया था।”

कपिल सिब्बल ने आगे कहा, “कल जब मैंने सोशल मीडिया पर देखा कि अभिषेक बनर्जी पर किस तरह हमला हुआ तो मैं हैरान रह गया। अब ज़ाहिर है, यह पहले से प्लान किया हुआ हमला था। किस्मत से उसने हेलमेट पहना हुआ था, वरना यह जानलेवा चोट होती। क्या चुनाव जीतने के बाद, आप हिंसक तरीकों से विपक्ष को खत्म करना चाहते हैं? क्या यह सत्ता में बैठी किसी पॉलिटिकल पार्टी की सोच है? क्या यही भारत का भविष्य है? क्या यही वह विकसित भारत है जिसकी आप बात कर रहे हैं?”

कपिल सिब्बल ने कहा कि मेरे दोस्त कल्याण बनर्जी, उनके साथ फिर क्या हुआ, उनकी सिक्योरिटी छीन ली गई। उन्होंने कहा, “मैंने आज दोपहर उनसे बात की। वह अभी हॉस्पिटल से घर वापस आए थे। उन्होंने कहा कि वह इस हिंसा की शिकायत करने जा रहे थे और अचानक एक पत्थर, किसी ने पत्थर फेंका और उनके सिर के पिछले हिस्से में लगा। वह सड़क पर गिर गए और मान लीजिए कि वह गिर जाते और उनका सिर सड़क पर लग जाता, तो क्या होता? जो कोई भी सिर पर मारता है, उसका इरादा साफ़ तौर पर उस व्यक्ति की हत्या करना होता है। तो क्या हत्या की कोशिश का चार्ज है?”

ओम बिरला का सिब्बल ने किया जिक्र

कपिल सिब्बल ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का जिक्र करते हुए कहा, “क्या ओम बिरलाजी ने बात की है? क्या गृह मंत्री ने बात की है? क्या मुख्यमंत्री ने बात की है? मेरा मतलब है, चुनाव के तुरंत बाद हमने लोगों को टीएमसी के ऑफिस जलाते, टीएमसी के समर्थकों पर हमला करते देखा। क्या हम ऐसे ही हैं, यह डेमोक्रेसी ऐसे ही काम करती है? आप विपक्ष को खत्म करना चाहते हैं और उनके मन में डर पैदा करना चाहते हैं। मेरा मतलब है अगर यही नतीजा होगा तो कौन चुनाव लड़ना चाहेगा? हर परिवार में, परिवार उन लोगों के बारे में परेशान रहता है जो किसी खास पार्टी को सपोर्ट करते हैं। अगर चुनाव के बाद उन पर इस तरह हमला होगा, तो कोई भी, कोई भी किसी भी पार्टी को सपोर्ट क्यों करेगा? चुनाव होने ही क्यों चाहिए? मैं CEC से पूछता हूं, क्या यह फ्री है या फेयर है।”

अभिषेक बनर्जी ने सिब्बल को दिया धन्यवाद

कपिल सिब्बल का धन्यवाद करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, “कपिल सिबल जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्होंने सत्य का साथ दिया और ऐसे समय में खुलकर अपनी बात रखी जब इसकी सबसे अधिक आवश्यकता थी। भाजपा शांति का उपदेश देने का कोई अवसर नहीं छोड़ती, लेकिन उसके कार्य कुछ और ही कहानी बयां करते हैं। बार-बार हिंसा, धमकी और राजनीतिक आक्रामकता उन लोगों के हथियार बन गए हैं जो लोकतांत्रिक मूल्यों के रक्षक होने का दावा करते हैं। उनका पाखंड अब पूरी तरह से उजागर हो गया है। यह एक ऐसी पार्टी है जो गुंडों और बदमाशों से भरी पड़ी है, जिन्हें राज्य और केंद्र दोनों का संरक्षण प्राप्त है। धमकी से सफलता नहीं मिलेगी। हम अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे, लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा करेंगे और भारत की जनता के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। किसी भी प्रकार की हिंसा या भय संविधान और उसके द्वारा प्रतिपादित मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को कमजोर नहीं कर सकता।”

(यह भी पढ़ें: ‘यह BJP की बदले की राजनीति का घिनौना रूप’, अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर बोले राहुल)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अभिषेक बनर्जी पर हुए इस हमले को लेकर भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि यह हमला एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि लोकतंत्र पर है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें