उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली में स्थित नीम करोली बाबा के कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जब से ‘हनुमान अंश’ फिल्म आई है तब से वहां भीड़ और ज्यादा बढ़ गई है। हाल ही में गांधी जयंती के आसपास पड़े लॉन्ग वीकेंड पर तो वहां भीषण जाम की समस्या पैदा हो गई थी। भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि लोगों को होटल मिलना मुश्किल हो गया था। लोग सड़कों पर रात गुजराने के लिए मजबूर थे। अब स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार मिलकर इस समस्या का समाधान निकालने की तैयारी में है।

दरअसल, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और प्रदेश सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कैंची धाम में ‘प्री-बुकिंग’ (ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन) व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर ली है। जल्द ही यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों व कारोबारियों ने प्रस्ताव पर जताई सहमति

दीपक रावत ने हाल ही में प्रशासन, पुलिस, विभागीय अधिकारियों और पर्यटन कारोबारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की थी जिसमें इस समस्या के समाधानों को लेकर चर्चा हुई। इसी बैठक में दीपक रावत ने ऑनलाइन प्री-बुकिंग सिस्टम का प्रस्ताव रखा था जिस पर अधिकारियों व कारोबारियों ने एकमत होकर सहमति जताई।

20-25 हजार श्रद्धालु कर पाएंगे एक दिन में दर्शन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम लागू होने के बाद कैंची धाम में प्रतिदिन 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं को ही प्रवेश देने की अनुमति दी जाएगी ऐसी संभावना है। प्रशासनिक स्तर पर इस योजना को मंजूरी मिल गई है। अब बस इस योजना को सरकार की ओर से परमिशन मिलने का इंतजार है। सरकार से मंजूरी मिलते ही इस सिस्टम को लागू कर दिया जाएगा।

प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद क्या-क्या बदल सकता है?

अगर कैंची धाम में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम शुरू हो जाता है तो इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को लाभ होगा बल्कि व्यवस्था संभालने वाले लोगों को भी इसका काफी फायदा होगा।

ट्रैफिक कम लगेगा, होटलों के दाम में बढ़ोतरी नहीं होगी, प्रसाद और रूम व्यवस्था पर अधिक पैसे नहीं लिए जाएंगे, पार्किंग की समस्या नहीं आएगी।

इसके अलावा कैंची धाम के नाम पर फर्जी वेबसाइटों और साइबर ठगी के मामलों में सख्त कार्रवाई होगी।

मंदिर में 20-25 हजार श्रद्धालु ही एक दिन में दर्शन कर पाएंगे।

मंदिर में एंट्री और एग्जिट लेने के अलग-अलग गेट बनेंगे। अभी एक ही गेट है जहां से एंट्री और एग्जिट होता है।

मंदिर के लिए रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था अभी कहां-कहां लागू है?

देश के प्रमुख मंदिरों में पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था को लागू किया गया है ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को कंट्रोल किया जा सके और व्यवस्था को बनाए रखने में आसानी हो। इन मंदिरों में पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू है-

चारधाम यात्रा (उत्तराखंड) – बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। श्रद्धालु ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण करा सकते हैं।

वैष्णो देवी (जम्मू-कश्मीर) – यात्रा पर्ची/रजिस्ट्रेशन जरूरी होता है।

तिरुपति बालाजी (आंध्र प्रदेश) – दर्शन के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग और विशेष दर्शन टिकट की व्यवस्था है।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी) – सामान्य दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी नहीं, लेकिन विशेष दर्शन और कुछ सेवाओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग होती है।

महाकालेश्वर मंदिर (उज्जैन) – भस्म आरती सहित कुछ विशेष अनुष्ठानों के लिए पूर्व रजिस्ट्रेशन आवश्यक होता है।

अयोध्या राम मंदिर – सामान्य दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य नहीं है, लेकिन आरती और विशेष सेवाओं के लिए बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।

यह भी पढ़ें: कैंची धाम में लगा भक्तों का तांता, ‘हनुमान अंश’ देख उमड़ी भीड़, डायरेक्टर ने की खास दरख्वास्त

फिल्म ‘हनुमान अंश’, देशभर में सनसनी बनी हुई है। नीब करौरी बाबा के जीवन और विरासत पर बनी इस बायोपिक ड्रामा का असर ऐसा है कि अब इसने सीधे तौर पर लोगों की आजीविका को प्रभावित किया है। पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर आए वीडियो में दावा किया गया है कि फिल्म देखने के बाद हजारों भक्त कैंची धाम के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…