उत्तराखंड के कैंची धाम में हर दिन अब सीमित संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। नैनीताल जिला प्रशासन ने यहां श्रद्धालुओं की संख्या 20000 से 25000 तक सीमित करने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जा रहा है। यह व्यवस्था चारधाम यात्रा में इस्तेमाल होने वाले सिस्टम की तर्ज पर होगी। इसका मकसद मंदिर में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करना और आसपास की सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाना है। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को यह जानकारी को मिली है।

अधिकारियों ने बताया, ”योजना के तहत करीब 20000 से 25000 लोगों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। तय संख्या पूरी होते ही पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।”

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्रशासन को पहले से पता चल सकेगा कि किसी दिन कितने श्रद्धालुओं के कैंची धाम पहुंचने की उम्मीद है। इससे भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। फिलहाल कैंची धाम जाने के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी नहीं है।

आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा से जुड़े इस मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को मिले आंकड़ों के मुताबिक, 2026 के पहले छह महीनों में 24.34 लाख लोग कैंची धाम पहुंचे। इसके मुकाबले पिछले पूरे साल करीब आठ लाख श्रद्धालु यहां आए थे।

प्रशासन के मुताबिक, आम तौर पर मंदिर में हर दिन करीब 25000 श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद रहती है। लेकिन 2 अक्टूबर से शुरू हुए लंबे वीकेंड के दौरान यह संख्या बढ़कर 35000 से ज्यादा हो गई। इससे कैंची धाम को भवाली, भीमताल और मुक्तेश्वर से जोड़ने वाली सड़कों पर भारी जाम लग गया।

अल्मोड़ा और रानीखेत जाने वाले रास्तों पर भी ध्यान

अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पंजीकरण व्यवस्था के साथ वैकल्पिक रास्तों पर भी चर्चा हुई।

अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट से सांसद अजय टम्टा ने इस बात पर चिंता जताई कि कैंची धाम के आसपास जाम लगने से अल्मोड़ा, रानीखेत और कौसानी जाने वाले स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने यह बात कही।

प्रशासन ऐसे इंतजाम करने पर विचार कर रहा है जिससे मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर दूसरे वाहनों का दबाव कम हो। इसके साथ ही स्थानीय लोगों की आवाजाही भी बिना किसी रुकावट के जारी रह सके।

18 किलोमीटर का बाईपास बनाने की योजना

इस योजना में 18 किलोमीटर लंबा रातीघाट बाईपास अहम है। इसके बनने से अल्मोड़ा, रानीखेत और कौसानी जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा। इससे कैंची धाम के आसपास की सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

इससे पहले ललित मोहन रयाल ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि वन विभाग ने बाईपास के लिए जरूरी मंजूरी दे दी है। करीब आठ किलोमीटर सड़क पर सतह बनाने का काम पूरा हो चुका है जबकि लगभग 10 किलोमीटर का काम बाकी है।

बाकी हिस्से पर सड़क बनाने के लिए राज्य सरकार 21 करोड़ रुपये के खर्च के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। रयाल के मुताबिक, अगर इसे मंजूरी मिल जाती है तो अगले चार से छह महीने में सड़क चालू हो सकती है।

सुबह 4 बजे खुल सकता है मंदिर

प्रशासन मंदिर के खुलने के समय में बदलाव की संभावना भी देख रहा है। इनमें मौजूदा सुबह 6 बजे के बजाय सुबह 4 बजे मंदिर खोलने का प्रस्ताव शामिल है। हालांकि, इस पर मंदिर समिति से चर्चा करनी होगी क्योंकि मंदिर के खुलने का समय और पूजा-पाठ से जुड़े नियम तय करने में उसकी भूमिका है।

अधिकारियों का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ऐसे उपाय जरूरी हैं। लेकिन इनके साथ श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और उस रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखना होगा।

सरकार से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद रजिस्ट्रेशन पोर्टल तैयार करने में करीब एक महीने का समय लगने की उम्मीद है। प्रशासन पहले वीकेंड पर इस व्यवस्था को लागू करके इसके नतीजों का आकलन करेगा। इसके बाद ज्यादा भीड़ वाले दूसरे दिनों में भी इसे लागू करने पर विचार किया जाएगा।