दिल्ली सरकार के एडिशनल स्टैंडिंग काउंसिल अमोल सिन्हा ने CJP की रत्ना सिंह के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए सहमति दे दी है। यह मामला साकेत कोर्ट के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) अभिनव पांडे के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से जुड़ा है। आरोप है कि रत्ना सिंह ने जज पर किसी बाहरी व्यक्ति के निर्देश पर काम करने का आरोप लगाया था।

2 नवंबर 2026 को जारी सहमति संबंधी आदेश के अनुसार, अमोल सिन्हा ने प्रथम दृष्टया आपराधिक अवमानना का मामला माना है। हालांकि, यह अंतिम फैसला नहीं है। अब दिल्ली हाईकोर्ट में आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए उचित कदम उठाए जा सकते हैं।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला वकील कौशिक चटर्जी की ओर से 14 और 28 अक्टूबर को दी गई शिकायतों से जुड़ा है। शिकायत में रत्ना सिंह के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की गई थी। मामला साकेत कोर्ट के दक्षिण-पूर्वी जिले के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिनव पांडे के सामने हुई सुनवाई से संबंधित है।

दरअसल, दिल्ली पुलिस की ओर से कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने के मामले में रत्ना सिंह ने अदालत से राहत मांगी थी। 10 अक्टूबर को अदालत ने उनकी मांग को खारिज कर दिया था। इसके बाद रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जज के खिलाफ कुछ टिप्पणियां की थीं।

उन्होंने कथित तौर पर लिखा था, “जज सर्विंग द मास्टर” यानी जज अपने मालिक की सेवा कर रहे हैं। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “जज इज फॉलोइंग ऑर्डर फ्रॉम मास्टर” यानी जज अपने मालिक के आदेश का पालन कर रहे हैं।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि ये टिप्पणियां केवल अदालत के फैसले की आलोचना नहीं थीं, बल्कि जज की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर सवाल उठाती थीं।

जज पर बाहरी दबाव का आरोप गंभीर: अमोल सिन्हा

अमोल सिन्हा ने अपने आदेश में कहा कि किसी न्यायिक फैसले की आलोचना करना और जज पर किसी बाहरी व्यक्ति के निर्देश पर काम करने का आरोप लगाना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।

उनके अनुसार, रत्ना सिंह की टिप्पणियां प्रथम दृष्टया केवल न्यायिक आदेश की आलोचना तक सीमित नहीं थीं। इनसे ऐसा संकेत मिलता है कि जज स्वतंत्र रूप से कानून के अनुसार फैसला लेने के बजाय किसी बाहरी व्यक्ति के निर्देश पर काम कर रहे थे।

आदेश में कहा गया कि बिना किसी तथ्यात्मक आधार के जज पर बाहरी प्राधिकारी के निर्देश पर काम करने का आरोप लगाना न्यायिक व्यवस्था की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को प्रभावित कर सकता है। ऐसी टिप्पणियां न्यायपालिका की प्रतिष्ठा को कम करने और न्याय प्रशासन में जनता के भरोसे को कमजोर करने में सक्षम हैं।

अदालत की अवमानना अधिनियम के तहत कार्रवाई

अमोल सिन्हा ने अदालत की अवमानना अधिनियम, 1971 की धारा 2(c)(i) का हवाला दिया। इस धारा के तहत ऐसी टिप्पणियां आपराधिक अवमानना के दायरे में आ सकती हैं, जो किसी अदालत की प्रतिष्ठा को कम करती हैं या न्यायिक व्यवस्था के प्रति जनता के भरोसे को नुकसान पहुंचाती हैं।

उन्होंने धारा 15(2) के तहत दिल्ली हाईकोर्ट में आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए सहमति दी है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी राय केवल प्रथम दृष्टया आरोपों के आकलन पर आधारित है। रत्ना सिंह के खिलाफ आपराधिक अवमानना का अंतिम फैसला दिल्ली हाईकोर्ट ही करेगा।

दिल्ली पुलिस और मजिस्ट्रेट से जुड़ी पोस्ट पर क्या कहा गया?

इस मामले में रत्ना सिंह की ओर से दिल्ली पुलिस और स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की कार्यवाही को लेकर की गई बाद की टिप्पणियों का भी जिक्र किया गया था। इनमें CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका से संबंधित निवारक कार्यवाही, स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ऋतुराज के सामने हुई सुनवाई और मजिस्ट्रेट व्यवस्था को लेकर की गई टिप्पणियां शामिल थीं।

अमोल सिन्हा ने कहा कि ये टिप्पणियां मुख्य रूप से दिल्ली पुलिस के आचरण और स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट व्यवस्था की कार्यप्रणाली को लेकर थीं। केवल अधिकारियों की कड़ी आलोचना करने के आधार पर इन्हें आपराधिक अवमानना नहीं माना जा सकता।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रत्ना सिंह के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की सहमति मुख्य रूप से उन शुरुआती पोस्ट के आधार पर दी गई है, जिनमें साकेत कोर्ट के CJM पर किसी अज्ञात ‘मास्टर’ के निर्देश पर काम करने का आरोप लगाया गया था।

अमोल सिन्हा ने यह भी कहा कि 21 अक्टूबर के आदेश में रत्ना सिंह की ओर से किसी व्यक्तिगत माफी या आश्वासन का उल्लेख नहीं था। साथ ही, उस आदेश में उनके खिलाफ अवमानना का कोई निष्कर्ष भी नहीं दिया गया था।

यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 20 साल पुराने केस में जांच के आदेश, 2 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप

केरल सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 20 साल पुराने एक मामले में विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो (VACB) को जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।