दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में जज अमन कुमार शर्मा ने शनिवार को अपने घर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बारे में सूचना मिलते ही सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना अमन कुमार शर्मा के जीजा ने दी। पुलिस अमन को लेकर पास के एक अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस इस मामले में तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
डीएलएसए के सचिव के पद पर थे शर्मा
अमन कुमार शर्मा कड़कड़डूमा कोर्ट में दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव के पद पर थे। बताया जा रहा है कि जज ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। फिलहाल आत्महत्या के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अमन कुमार शर्मा अपने परिवार के साथ मकान नंबर यू-4ए, प्रथम मंजिल, ग्रीन पार्क मेन में रहते थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले में परिजनों और जज के नजदीकी लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से की थी ग्रेजुएशन
अमन शर्मा 19 जून, 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे। उन्होंने पुणे स्थित सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से लॉ में ग्रेजुएशन की थी। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई आपराधिक और दीवानी मामलों को देखा और विभिन्न अदालतों में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएमएफसी) और दीवानी न्यायाधीश के रूप में काम किया।
शर्मा ने 18 अक्तूबर, 2025 को कड़कड़डूमा अदालत में उत्तर-पूर्वी जिले के डीएलएसए के पूर्णकालिक सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था।
फिलहाल पुलिस संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कर इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या के सही कारणों का पता चल सकेगा।
दिल्ली के सरकारी स्कूलों का हाल देख भड़का हाई कोर्ट
दिल्ली के सरकारी स्कूलों के छात्रों को समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने संबंधी अदालत के पूर्व आदेश का अनुपालन नहीं करने के खिलाफ दायर अवमानना याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली सरकार से जवाब मांगा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
