झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्रों के आंदोलन के बीच आयोग के तीन सदस्यों ने अपना इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल संतोष गंगवार ने तीनों सदस्यों का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है।
सीआईडी के सामने पेश होंगे तीनों सदस्य
जानकारी के मुताबिक, झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन के सदस्य अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हंसदा और जमाल अहमद ने रविवार को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। बाद में राज्य सरकार की सिफारिश पर राज्यपाल ने तीनों के इस्तीफे भी स्वीकार कर लिए। बता दें कि इन तीनों को CID ने समन भेजा है और तीनों सोमवार को सीआईडी के समक्ष पेश भी होंगे। बता दें कि आयोग के अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने 22 जुलाई को ही अपना इस्तीफे दे दिया था।
सीआईडी के शिकंजे के चलते देना पड़ा इस्तीफा!
बता दें कि जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा (प्रीलिम्स) और अन्य परीक्षाओं के संचालन में बड़े पैमाने पर कथित धांधली, ओएमआर शीट में छेड़छाड़ और अयोग्य अभ्यर्थियों को पास कराने के आरोपों की जांच सीआईडी कर रही है। इसी जांच प्रक्रिया के तहत ही सीआईडी ने तीनों सदस्यों को समन भेजा है जिसके चलते तीनों को सीआईडी के समक्ष पेश होने से पहले इस्तीफा देना पड़ा।
छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान
आयोग के तीनों सदस्यों के इस्तीफे के घटनाक्रम के बीच रविवार को छात्रों के प्रतिनिधिमंडल और सरकारी प्रतिनिधियों के बीच एक मीटिंग हुई जो बेनतीजा रही। इसके बाद छात्रों ने यह कहा कि हमारा आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों का यह फैसला तब है जब रविवार को हुई तीसरे दौर की बातचीत में सरकार ने छात्रों की करीब 50 फीसदी मांगे मान ली हैं, लेकिन छात्र प्रतिनिधिमंडल परीक्षा रद्द करने से नीचे नहीं मान रहा और इसी को लेकर छात्रों का कहना है कि आंदोलन जारी रहेगा।
सोमवार को विधानसभा का घेराव करेंगे छात्र
छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान करते हुए यह भी कहा है कि सोमवार (10 अगस्त) को शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा का घेराव किया जाएगा जिसके मद्देनजर रांची में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है। विधानसभा के आसपास धारा 163 लागू कर दी गई है। विधानसभा के 750 मीटर के आसपास यह धारा लागू रहेगी।
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC प्रदर्शन: 5 घंटे चली बैठक के बाद जिद पर अड़े छात्र, कल होगा विधानसभा का घेराव, सरकार ने लागू की धारा 163
झारखंड में छात्रों का JPSC और JSSC के खिलाफ हो रहे आंदोलन को लेकर सरकार और छात्रों के बीच रविवार को करीब 5 घंटे तक बैठक की गई। हालांकि यह बैठक सरकार की नजरों में बेनतीजा रही क्योंकि छात्र 10 अगस्त यानी सोमवार को झारखंड विधानसभा का घेराव करने की अपनी बात पर अड़े हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
