झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सर्विसेज प्रीलिम्स परीक्षा के पेपर लीक मामले में जांच कर रही CID की टीम ने आयोग के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी रांची में छात्र आंदोलन के बीच हुई है। जानकारी के मुताबिक, इस गिरफ्तारी से पहले ख्यांगते से सीआईडी ने कई राउंड की पूछताछ की जिसके बाद उन्हें अरेस्ट कर लिया गया। सीआईडी ने उन्हें उनके आवास से ही गिरफ्तार किया है।
पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं ख्यांगते
आयोग के पूर्व चेयरमैन ख्यांगते को अरेस्ट किए जाने से पहले सीआईडी की टीम ने जो पूछताछ की उस दौरान उनसे पूछा गया कि TDPL जो कि एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी है उसे JPSC की 14वीं सिविल सर्विसेज परीक्षा आयोजित कराने के लिए क्यों चुना गया था? बता दें कि झारखंड पेपर लीक मामले में ख्यांगते पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। 22 जुलाई को उन्होंने JPSC चेयरमैन के पद से इस्तीफा दे दिया था।
आयोग के तीन सदस्यों ने शनिवार को दिया था इस्तीफा
बता दें कि जेपीएससी पेपर लीक मामले में ख्यांगते के इस्तीफे के बाद आयोग के तीन और सदस्यों ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वालों में अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हंसदा और जमाल अहमद का नाम शामिल है। इन तीनों के इस्तीफे राज्यपाल संतोष गंगवार ने मंजूर भी कर लिए थे। इन तीनों को सीआईडी का समन मिला था, जिसके बाद इन्होंने इस्तीफा दिया था।
रांची में उग्र प्रदर्शन के बीच गिरफ्तार हुए ख्यांगते
बता दें कि ख्यांगते की गिरफ्तारी ऐसे वक्त हुई है जब रांची में छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया। छात्रों का विधानसभा घेराव शांति पूर्ण तरीके से होना था, लेकिन यह हिंसक रूप ले चुका है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प देखने को मिल रही हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े हैं ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके। वहीं प्रदर्शनकारी भी उग्र रूप में हैं।
सरकार के साथ बातचीत रही थी बेनतीजा
विधानसभा घेराव से पहले शनिवार को हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार और छात्रों के बीच विरोध खत्म करने के लिए बातचीत हुई। हालांकि, इस बातचीत का कोई भी नतीजा नहीं निकला। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मामले को सुलझाने को लेकर गंभीर न होने का आरोप लगाया। बातचीत के दौरान क्या हुआ, इस पर अलग-अलग दावे किए गए, राज्य सरकार का दावा है कि उन्होंने छात्रों की 98 प्रतिशत मांगें मान ली थीं, जबकि दूसरी तरफ छात्रों का कहना है कि यह सच नहीं है। वहीं छात्र इस मांग पर अड़े हैं कि परीक्षा रद्द की जाएं।
यह भी पढ़ें: झारखंड छात्र आन्दोलन में पहुंचे पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह पर किया कटाक्ष, पूछा- अब कहां हैं बाकी कुत्ते?
अभिनेता और लेखक पीयूष मिश्रा झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन में शामिल होने पहुंचे। जहां उन्होंने नसीरुद्दीन शाह के एक पुराने बयान पर तीखा पलटवार किया है। रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचे पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह के उस बयान का जिक्र किया,जिसमें उन्होंने छात्रों के समर्थन में आवाज नहीं उठाने वाले फिल्मी सितारों पर तंज कसते हुए मुंह में हड्डी होने की बात कही थी। यहां पढ़ें पूरी खबर…
