छत्तीसगढ़ के दुर्ग में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब चुनाव जीतते हैं तो खुद को बहुत होशियार समझते हैं, लेकिन लगातार चुनाव हारने पर निर्वाचन आयोग (EC) को दोषी ठहराने लगते हैं। नड्डा ने यह बात 30 अक्टूबर को बीजेपी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान कही।

जेपी नड्डा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और देश में 140 करोड़ से ज्यादा की आबादी है। उन्होंने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कराने के तरीके की दुनिया भर में सराहना होती है। यह देश के लिए गर्व की बात है। इसके बावजूद कुछ लोग अपने निजी हित साधने के लिए निर्वाचन आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं को डराने और धमकाने का प्रयास करते हैं।

राहुल गांधी की तुलना स्कूल में फेल होने वाले बच्चे से की

अपने संबोधन में जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उनकी तुलना स्कूल के ऐसे बच्चे से की, जो परीक्षा में पास होने पर अपनी तारीफ करता है, लेकिन फेल होने पर शिक्षक को खराब बताने लगता है। उन्होंने कहा, “यही हाल राहुल बाबा का है। कभी-कभी इलेक्शन जीत जाएं तो वो बड़े होशियार, और लगातार चुनाव हारें तो इलेक्शन कमीशन खराब। यह तरीका इन लोगों ने अपनाया है।”

नड्डा ने सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या संवैधानिक संस्थाओं को डराने और धमकाने की कोशिशों को सफल होने देना चाहिए? इस पर लोगों ने जवाब दिया कि ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि देश को इस तरह की अराजकता से बचाने की जरूरत है और इसके लिए जनता के बीच जागरूकता फैलानी होगी।

SIR को लेकर बीजेपी ने निकाली पदयात्रा

दरअसल, दुर्ग में बीजेपी की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर 30 अक्टूबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के तहत पदयात्रा आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शामिल हुए। पार्टी की ओर से इस कार्यक्रम के जरिए लोगों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की जरूरत और उसके महत्व के बारे में जानकारी देने की बात कही गई थी।

इससे पहले पदयात्रा की तैयारियों को लेकर दुर्ग में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई थी। इसमें वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद विजय बघेल और बीजेपी विधायक रिकेश सेन समेत कई नेता मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।

बैठक के दौरान सांसद विजय बघेल ने कहा था कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए मतदाता सूची का सही और अपडेट होना जरूरी है। वहीं, विधायक रिकेश सेन ने कहा था कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए और अमान्य एंट्री को नियमों के मुताबिक हटाया जाना चाहिए। बीजेपी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से SIR को लेकर लोगों के बीच किसी भी तरह की गलतफहमी दूर करने और सही जानकारी पहुंचाने की अपील की थी।

यह भी पढ़ें: ‘तानाशाह ज्ञानेश को बचाने के लिए कानून लाए’ पप्पू यादव ने भाजपा सरकार पर बोला हमला- अब ये लोकतंत्र को नहीं मान रहे

लोकसभा सांसद पप्पू यादव ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि 100 सांसदों को सदन से बाहर करके ये ‘तानाशाह ज्ञानेश’ को बचाने के लिए कानून लेकर आए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।