झारखंड में पिछले 24 दिन से चल रहे छात्र आंदोलन के आगे आखिरकार हेमंत सोरेन सरकार झुक गई है। सरकार की ओर से यह ऐलान कर दिया गया है कि 2014 के बाद से TDPL के द्वारा कराई गई सभी परीक्षाओं को रद्द किया जा रहा है। JSSC-JPSC के अंतर्गत होने वाली सभी परीक्षाएं रद्द करने की घोषणा सरकार की ओर से कर दी गई है। इस घोषणा पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का भी रिएक्शन आ गया है। उन्होंने इस फैसले का स्वागत किया और मुख्यमंत्री का आभार जताया।
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री जी का आभार जताते हैं। हालांकि देवेंद्र महतो ने यह भी कहा कि वह अब अपना अनशन तो तोड़ देंगे, लेकिन संघर्ष जारी रहेगा। आजतक से बात करते हुए महतो ने कहा, “मैं एक ऐसा एजुकेशन सिस्टम चाहता हूं जहां छात्रों के साथ ऐसा दोबारा न हो क्योंकि मैं कई बार ऐसे एग्जाम को रद्द होते हुए देखा हूं।”
सरकार से गारंटी चाहते हैं महतो
देवेंद्र महतो ने कहा कि इसी साल जनवरी में भी मैंने एक आंदोलन के जरिए इसी सीजीएल को रद्द कराया था, लेकिन फिर ये सीजीएल हुई और पेपर लीक हुआ। महतो ने कहा कि मैंने की एग्जाम रद्द होते हुए देखे हैं, कई सीबीआई और सीआईडी जांच होती हुई देखी है, इसलिए मैं सरकार की ओर से यह गारंटी चाहता हूं कि आने वाले समय न तो पेपर लीक हो और न ही धांधली हो और अगर सिस्टम बनने के बाद भी कोई धांधली करने की हिम्मत करता है तो उसे सख्त से सख्त सजा दी जाए।
महतो ने की सीएम की तारीफ
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए महतो ने कहा, “हम सभी स्टूडेंट्स, पेरेंट्स, मीडिया के लोगों, पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन और खासकर झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री जी को इस मूवमेंट को सपोर्ट और कोऑपरेट करने के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं। हम स्टूडेंट्स के मामलों को सीरियसली लेने और हमारी मांगों को पूरा करने के लिए शुक्रिया अदा करते हैं; सबसे जरूरी बात, इन्वेस्टिगेशन बहुत ध्यान से की जा रही है और इसमें शामिल हर करप्ट आदमी को पकड़ा जा रहा है। वे इन गैंग्स के असली सरगनाओं तक पहुंचने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।”
पेपर कैंसिल होने पर अन्य रिएक्शन
मुख्यमंत्री के ऐलान पर झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है, “सरकार ने उनकी मुख्य मांग मानने का फैसला किया है। CGL एग्जाम कैंसिल करना। इस पर सहमति बन गई। इसके अलावा TDPL द्वारा आयोजित सभी एग्जाम कैंसिल कर दिए जाएंगे।”
यह भी पढ़ें: छात्रों के आगे झुकी सोरेन सरकार, TDPL की सभी परीक्षाएं-नियुक्तियां रद्द, JSSC-CGL भी कैंसिल, 2014 से गड़बड़ियों की होगी जांच
झारखंड में छात्र आंदोलन के बीच हेमंत सोरेन सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। TDPL से जुड़ी सभी परीक्षाएं, परिणाम और नियुक्तियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही JSSC-CGL परीक्षा भी कैंसिल कर दी गई है। सरकार 2014 से गड़बड़ियों की जांच कराएगी। यहां पढ़ें पूरी खबर…
