झारखंड में पांकी विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे कुशवाहा शशि भूषण मेहता के भाजपा में शामिल होने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। रांची के ऑक्सफोर्ड स्कूल की शिक्षिका रही सुचित्रा के बेटों ने कुशवाहा के भाजपा में शामिल नहीं करने की मांग की है। मालूम हो कि साल 2012 में हिंदी टीचर सुचित्रा की हत्या हो गई थी।
52 वर्षीय कुशवाहा शशि भूषण मेहता ऑक्सफोर्ड स्कूल के मालिक है। इसके अलावा कुशवाहा टीचर की हत्या के मामले में आरोपी हैं और उन पर मुकदमा चल रहा है। टीचर के बेटे बुधवार को भाजपा मुख्यालय पहुंच कर कुशवाहा को पार्टी में नहीं शामिल करने की मांग की।
टीचर के बेटे अभिषेक व आशुतोष और उनकी मौसी ललिता पांडे ने प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा से मुलाकात कर कुशवाहा को पार्टी में शामिल करने को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। इन लोगों ने कहा कि हत्या के आरोपी को शामिल करने से पार्टी के प्रति लोगों में सही संदेश नहीं जाएगा।
24 वर्षीय अभिषेक ने कहा कि इस मामले में अदालत जल्द ही अपना फैसला सुनाने वाली है। साल 2012 में हुई हत्या में कुशवाहा प्रमुख आरोपी है। उनसे मेरी मां को मार कर हमारा भविष्य बर्बाद करने के साथ ही हमें अनाथ बना दिया। मेरे पिता अवधेश मिश्रा की मौत साल 2002 में ही हो गई थी। हमारी मां ही हमारा एकमात्र सहारा थी।
अभिषेक ने कहा कि मैं भी भाजपा का सक्रिय सदस्य हूं लेकिन मुझे आश्चर्य है कि पार्टी जो नैतिकता व राजनीतिक शुचिता की बात करती है, ऐसे लोगों का लाल कालीन बिछा कर स्वागत कर रही है। 2008 में जब शिक्षिका की मौत हुई थी तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके प्रेगनेंट होने की बात सामने आई थी। अभिषेक ने आरोप लगाया कि कुशवाहा ने सरोगेसी के लिए उसकी मां का इस्तेमाल किया था। इससे पहले कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की थी।
कुशवाहा का कहना था कि वह 3 अक्टूबर को पूरे दल-बल के साथ भाजपा में शामिल होंगे। कुशवाहा का कहना था कि राज्य हित में मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। पिछले उपचुनाव में कुशवाहा 1500 मतों के अंतर से हार गए थे।

