झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का बुधवार शाम निधन हो गया। उन्होंने रांची के हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में रात करीब 8:30 बजे अंतिम सांस ली। अस्पताल के निदेशक डॉ. नितेश प्रिया ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि रूपी सोरेन को 18 सितंबर को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत गंभीर थी और बुधवार को उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

रूपी सोरेन के निधन की खबर से सोरेन परिवार के साथ-साथ JMM कार्यकर्ताओं और पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री आवास समेत परिवार से जुड़े लोगों के बीच मातम का माहौल है। रूपी सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और JMM के संस्थापक शिबू सोरेन की पत्नी थीं। पति के निधन के बाद वह परिवार के लिए एक मजबूत सहारा बनी रही थीं।

राजनीति में भी सक्रिय रही थीं रूपी सोरेन

रूपी सोरेन का राजनीति से भी जुड़ाव रहा था। उन्होंने वर्ष 1999 में अविभाजित बिहार के दौरान दुमका लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी से हुआ था। वह बेहद करीबी मुकाबले में 5 हजार से भी कम मतों के अंतर से चुनाव हार गई थीं।

पति शिबू सोरेन के निधन के करीब एक साल बाद गईं रूपी सोरेन

रूपी सोरेन के निधन से करीब एक साल पहले उनके पति और JMM के संस्थापक शिबू सोरेन का भी निधन हुआ था। ‘दिशोम गुरुजी’ के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन ने 4 अगस्त 2025 को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में 81 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली थी। वह लंबे समय से बीमार थे।

शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। उन्होंने आदिवासी अधिकारों, जमीन की सुरक्षा और अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर लंबे समय तक संघर्ष किया। वर्ष 1972 में उन्होंने ए.के. रॉय और बिनोद बिहारी महतो समेत अन्य नेताओं के साथ मिलकर झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना की थी। वह कई बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे और केंद्र सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली।

JMM ने दी भावुक श्रद्धांजलि

रूपी सोरेन के निधन पर JMM ने सोशल मीडिया पर भावुक श्रद्धांजलि दी। पार्टी ने उन्हें संघर्ष, त्याग और धैर्य की प्रतीक बताया। JMM ने कहा कि शिबू सोरेन के निधन के बाद भी रूपी सोरेन उनके संघर्षों में हमेशा साथ खड़ी रहीं। पार्टी ने उनके निधन को झारखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

पार्टी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एक मां का साया उठ जाना हेमंत सोरेन, उनके परिवार, JMM कार्यकर्ताओं और पूरे झारखंड के लिए बेहद पीड़ादायक है। पार्टी ने मरांग बुरु से पुण्यात्मा को शांति देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

यह भी पढ़ें: निकल जाओ… आगरा में बुजुर्ग मां-बाप को बहू-बेटे ने घर से निकाला, मकान में खर्च किए थे 75 लाख- VIDEO देख फूटा लोगों का गुस्सा

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है जिसमें एक बुजुर्ग दंपत्ति ने अपने बेटे-बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वायरल वीडियो में बुजुर्ग शख्स का कहना है कि उनके बेटे-बहू ने उन्हें उस घर से बाहर निकाल दिया जिसमें उन्होंने 75 लाख रुपये लगाए थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।