क्या बिहार में लागू हुआ योगी का ‘ठोको मॉडल’? जेडीयू प्रवक्ता बोले- पुलिस अपराधियों की गोली खाने नहीं बैठी है
पिछले दिनों बिहार में पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें एक दरोगा की मौत हो गयी थी। जिसके बाद पुलिस ने भी एक शराब तस्कर को मार गिराया था।
प्रतीकात्मक तस्वीर
(फोटो – बिहार पुलिस वेबसाइट ) उत्तरप्रदेश में योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में ढ़ेरों मुठभेड़ हुए हैं। लगातार हो रहे मुठभेड़ की घटनाओं को लेकर लोग इस योगी आदित्यनाथ की ठोको नीति भी कह रहे हैं। अब उत्तरप्रदेश से सटे बिहार में भी अपराधियों के एनकाउंटर होने शुरू हो गए हैं। इसी को लेकर अब यह कयास लगाये जाने लगे हैं कि बिहार में भी यूपी की तर्ज पर ठोको नीति शुरू हो गयी है।
दरअसल पिछले दिनों बिहार में पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें एक दरोगा की मौत हो गयी थी। जिसके बाद पुलिस ने भी एक शराब तस्कर को मार गिराया था। इस एनकाउंटर का बिहार भाजपा के कई विधायकों ने समर्थन किया था। एक भाजपा विधायक ने कहा था कि अब बिहार में भी अपराधियों की गाड़ी पलटनी चाहिए। ज्ञात हो कि कुछ महीने पहले उत्तरप्रदेश के कुख्यात बदमाश विकास दुबे की गाड़ी कानपुर लाते समय बीच रास्ते में पलट गयी थी। जिसके बाद पुलिस ने विकास दुबे का एनकाउंटर कर दिया था।
बिहार में एनकाउंटर मौके पर तैनात पुलिस तय करेगी बिहार सरकार नहीं, बिहार पुलिस अपराधियों की गोली खाने के लिए नहीं बैठी है : @alok_ajay@manakgupta #RashtraKiBaat #BiharCrime #Bihar #NitishKumar pic.twitter.com/CGLeJxEPQJ
— News24 (@news24tvchannel) March 5, 2021
टीवी चैनल न्यूज 24 पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा विधायक के बयान का समर्थन करते हुए जदयू प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि बिहार में एनकाउंटर मौके पर तैनात पुलिस तय करेगी बिहार सरकार नहीं, बिहार पुलिस अपराधियों की गोली खाने के लिए नहीं बैठी है। हमारी पुलिस को इतनी छूट है कि वो अपने विवेक से निर्णय कर सके। सरकार ने पुलिस अधिकारियों को छूट दे रखी है कि आप जाइए और अपराधियों पर नियंत्रण करिए।
इसके अलावा एंकर मानक गुप्ता ने जदयू प्रवक्ता से सवाल पूछा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का योगीकरण हो रहा है और जदयू का बीजेपीकरण हो रहा है। इसपर जवाब देते हुए अजय आलोक ने कहा कि देश में नीतीशकरण हो रहा है। बिहार की कई योजनाओं को पूरे देश में लागू किया जा रहा है। साथ ही अजय आलोक ने कहा कि अपराधियों के मन में कानून का डर होना चाहिए। जहाँ पर अपराधी अपनी सीमा लांघेंगे वहां पुलिस को पता है कि उन्हें क्या करना चाहिए। इसके अलावा अजय आलोक ने कहा कि एनकाउंटर का आदेश ना योगी जी देते हैं और ना ही नीतीश कुमार देते हैं लेकिन होते हर जगह हैं।
पिछले दिनों बिहार के सीतामढ़ी में पुलिस और दारोगा तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में एक दरोगा की हत्या हो गयी थी। बाद में घटनास्थल से थोड़ी ही दूर पर उक्त घटना में शामिल रहे शराब तस्कर रंजन सिंह की लाश मिली थी। जिसके बाद से यह कहा जा रहा है कि पुलिस एनकाउंटर में ही शराब तस्कर रंजन सिंह की मौत हुई है। सीतामढ़ी की घटना पर बयान देते हुए भाजपा विधायक पवन जायसवाल ने कहा था कि बिहार में कानून-व्यवस्था कायम है। अगर अपराधी ज्यादा निडर होंगे तो यहां भी उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उनकी गाड़ी पलट जाएगी।













