मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर INDIA गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को दिल्ली में संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला। इसी दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने बीजेपी और उसके प्रवक्ता संबित पात्रा के बयान पर तंज कसा।
EC के खिलाफ विपक्ष के मार्च पर भाजपा के आरोपों पर जया बच्चन ने कहा, ”बीजेपी का काम है आरोप लगाना, वो सत्ता में हैं वो तो करेंगे ही, हमारा जो काम है, हम लोग कर रहे है।”
संबित पात्रा के इस बयान पर कि ज्ञानेश कुमार नहीं बल्कि गणेश जी ने बीजेपी की मदद की है, जया बच्चन ने कहा, ”गणेश जी बुरी चीजों में मदद नहीं करते। मैंने यही कहा अभी कि जब हम प्रार्थना करते हैं जो सबसे पहले गणेश जी से शुभ आरंभ करते हैं। गणेश जी हम लोगो की देखभाल करेंगे, रक्षा करेंगे।”
आपको बता दें कि बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा था कि बीजेपी की मदद ज्ञानेश कुमार नहीं बल्कि गणेश जी कर रहे हैं।
SIR के दौरान मतदाता सूची से नाम काटे जाने और समीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर जया बच्चन ने कहा कि वह इस बारे में अभी कुछ नहीं कहना चाहतीं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की लीडरशिप जो फैसला करेगी, वह उसी के मुताबिक काम करेंगी।
आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जब सपा सांसद जया बच्चन से पूछा गया कि वह मार्च में कितनी दूर तक चलेंगी तो उन्होंने कहा, ”जब तक पैर साथ देंगे, तब तक चलूंगी।” उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है।
दिल्ली में विपक्ष का बड़ा मार्च
INDIA गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च किया। विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ी हुई है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को वापस लेने की मांग कर रहा है।
मार्च को चुनाव आयोग कार्यालय के पास रोक दिया गया जिसके बाद विपक्षी सांसद संसद मार्ग पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ’ जैसे नारे लगाए गए।
विपक्ष के प्रदर्शन पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। संबित पात्रा ने विपक्ष पर परिवारवाद, भ्रष्टाचार और आतंकवादियों के समर्थन की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
यह भी पढ़ें: ‘…हम उन्हें खत्म कर देंगे’, राहुल गांधी बोले- नरेंद्र मोदी और अमित शाह बच नहीं पाएंगे
आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे राहुल गांधी गांधी ने दोपहर करीब ढाई बजे मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के तीन सौ सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके दो साथियों से मिलना चाहते थे लेकिन पुलिस ने रोक दिया। राहुल गांधी ने कहा कि वे देश के प्रतिनिधि हैं और देश की आवाज का प्रतिनिधित्व करते हैं लेकिन पता नहीं क्यों उन्हें चुनाव आयोग से पचास गज दूर रोक दिया गया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह ने ज्ञानेश कुमार की मदद से देश को हाईजैक कर लिया है।
