दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर तीन महिला पत्रकारों के साथ कथित रूप से यौन उत्पीड़न के मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। यह जानकारी पुलिस की ओर से रविवार को दी गई। इस मामले में दिल्ली पुलिस के एक IPS रैंक के अधिकारी पर आरोप लगा है। प्रदर्शनकारी उस ऑफिसर पर FIR की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि शनिवार (03 अक्टूबर 2026) को नई दिल्ली इलाके में प्रोटेस्ट के दौरान लॉ एंड ऑर्डर की सिचुएशन के समय तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए। पुलिस ने आगे कहा कि हमें उनकी शिकायतें मिल गई हैं और इस मामले में निष्पक्ष जांच के लिए यह केस कमला मार्केट स्थित क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है।

दिल्ली पुलिस के ACP पर लगे हैं आरोप

बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दूसरे दिन प्रोटेस्ट को कवर कर रही तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया। महिलाओं का दावा है कि पुलिसकर्मी जिस वक्त प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले रहे थे उसी समय IPS रैंक के एक अधिकारी ने उन्हें गलत तरह से छूआ और धक्का देकर वहां से भाग गए। इसके बाद तीनों महिलाओं ने संसद मार्ग थाने में अपनी शिकायत भी दर्ज कराई और पुलिस ऑफिसर के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

इस मामले में राहुल गांधी ने भी दी प्रतिक्रिया

महिला पत्रकारों के साथ हुई इस घटना को लेकर राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया। राहुल गांधी ने शनिवार देर रात एक्स पर लिखा, “जंतर-मंतर पर एक महिला पत्रकार ने एक पुलिस अधिकारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। घंटों से सैकड़ों पत्रकार सिर्फ इतनी मांग लेकर बैठे हैं कि FIR दर्ज कर ली जाए। ये तो पुलिस का बुनियादी काम है न? वो भी नहीं किया।”

राहुल गांधी ने आगे कहा, “आज ही जंतर-मंतर पर सैकड़ों लोग हिरासत में लिए गए। महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी के आरोप हैं। कैमरे छीने गए, पत्रकार घसीटे गए और ये पहली बार नहीं है, इससे पहले भी हमने वीडियो सबूतों के साथ देखा है कि पुलिस के अफ़सर महिलाओं के साथ घिनौनी बदसलूकी करते हैं।”

‘FIR नहीं हुई तो और तेज होगा प्रदर्शन’

इस घटना को लेकर CJP के सह संयोजक सौरभ दास ने शनिवार देर रात कहा कि अगर कल (रविवार) तक ACP के खिलाफ एफआईआर नहीं हुई तो पत्रकार और अन्य प्रदर्शनकारी एक बार फिर आएंगे और एफआईआर की कॉपी लेकर ही जाएंगे। सौरभ दास ने कहा कि हम दिल्ली पुलिस से पूछना चाहते हैं कि आप ऐसे दरिंदे को क्यों बचाना चाहते हैं जिसने सबके सामने यौन उत्पीड़न किया है। ऐसा क्या है एसीपी के पास, जिसकी वजह से उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: कैंपस का गेट बंद, प्रदर्शनकारियों को खाना देने से रोका… अम्बेडकर विश्वविद्यालय के छात्रों का दावा- गार्डों ने की बदसलूकी

डॉ. बी.आर. अम्बेडकर विश्वविद्यालय के कश्मीरी गेट परिसर के एंट्री गेट पर शनिवार को छात्र अपने हाथों में खाने के पैकेट लेकर इकट्ठा हुए। यह खाना उन छात्रों और पीएचडी स्कॉलर्स के लिए था जो छह दिनों से कैंपस के अंदर अनिश्चितकालीन विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मांगों में पीने का पानी, क्लासरूम, फैकल्टी की कमी, छात्रों का प्रतिनिधित्व और कैंपस के इलाकों तक पहुंच जैसी बातें शामिल थीं। यहां पढ़ें पूरी खबर…