दिल्ली के जंतर मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 20 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे थे। हालांकि शनिवार सुबह पुलिस सोनम वांगचुक को जबरदस्ती दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल ले गई। इस बीच उनकी पत्नी ने अस्पताल प्रशासन पर सोनम वांगचुक का ब्लड सैंपल न देने का आरोप लगाया है।
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो ने X पर एक पोस्ट में कहा, “सफदरजंग अस्पताल की रिपोर्ट के अनुसार सोनम वांगचुक का पोटेशियम लेवल 2.9 है, जबकि कल यह 4.3 था। वे न तो मुझे किसी अन्य लेबोरेटरी में ले जाकर दूसरी राय लेने की अनुमति दे रहे हैं और न ही मेरी उपस्थिति में उनका ब्लड सैंपल दे रहे हैं, जिसकी जांच मैं कहीं और करवा सकूं। मैं तीन घंटे से इंतजार कर रही हूं, लेकिन उन्होंने अभी तक हमारी बात नहीं मानी है। पारदर्शिता की इस कमी से हमें संदेह हो रहा है और हमने अस्पताल से छुट्टी देने का अनुरोध किया है।”
सफदरजंग अस्पताल में चल रहा सोनम वांगचुक का इलाज
बता दें कि सफदरजंग अस्पताल में सोनम वांगचुक को डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में इलाज चल रहा है। उन्हें जब सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, उसके बाद डॉक्टरों ने एक मेडिकल बुलेटिन जारी किया। इसके अनुसार काफी दिनों से खाना और पानी न लेने की वजह से उनके शरीर में कीटोन लेवल बढ़ गया था। डॉक्टर का मानना है की डिहाइड्रेशन भी बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण किडनी के काम करने की क्षमता पर प्रभाव पड़ सकता है। हालांकि इसके बावजूद सोनम वांगचुक ने दवाइयां लेने से साफ इनकार कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोनम वांगचुक को दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश और मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह के बाद अस्पताल ले जाया गया। नई दिल्ली के डीसीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल शिफ्ट किया गया। डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर वांगचुक को उपयुक्त सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वांगचुक को अस्पताल ले जाने के दौरान जंतर-मंतर पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध भी किया। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों के विरोध के बीच थोड़ी हलचल हुई, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से पूरा किया।
यह भी पढ़ें: ‘अगर कुछ भी होता है तो…’, सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाने के बाद आया पत्नी गीतांजलि अंग्मो का पहला रिएक्शन
गीतांजलि जे आंग्मो का कहना है कि मेरी और मेरे डॉक्टर की सहमति के बिना सोनम वांगचुक को कोई दवा नहीं दी जानी चाहिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
