कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को ऐलान किया कि वह अगले कुछ दिनों में राजस्थान में प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने आरोप लगाया कि राज्य में उसके कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया और कुछ को घरों में नजरबंद किया गया। इसके साथ ही दिल्ली में हाल ही में हुए प्रदर्शनों में शामिल कार्यकर्ताओं, महिलाओं, छात्रों और पत्रकारों को हिरासत में लेने और उनके साथ पुलिस की कथित ज्यादती के विरोध में यह प्रदर्शन किया जाएगा।
जयपुर में पत्रकारों से बात करते हुए CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक बालियान ने अपने साथ हुई हिरासत की कार्रवाई का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”हम सरकार को चेतावनी देना चाहते हैं कि वह हमें दिल्ली जाने से नहीं रोक सकती। अगर उसने ऐसा करने की कोशिश की तो हम हर शहर में जंतर-मंतर बना देंगे।”
दिल्ली जाने से रोकने के लिए उन्हें ‘ऊपर से निर्देश’
बालियान ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने उनसे कहा था कि दिल्ली जाने से रोकने के लिए उन्हें ‘ऊपर से निर्देश’ मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिसकर्मियों से कहा गया था कि अगर कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच गए तो उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
CJP के अन्य कार्यकर्ताओं गीगराज जॉडली और शशिकांत ने भी राजस्थान पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने की घटनाएं बताईं। यह ऐलान CJP की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए समर्थकों को जुटाने की कोशिश के बाद आया है।
CJP मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जवाबदेही की मांग कर रही है। पार्टी ने अभी राजस्थान में प्रदर्शन की तारीख और जगह की घोषणा नहीं की है। बालियान ने कहा कि इसकी जानकारी आने वाले दिनों में दी जाएगी।
कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का आरोप
शुक्रवार को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से एक दिन पहले CJP ने आरोप लगाया था कि राजस्थान में उसके कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
पार्टी के मुताबिक, अलवर में बालियान को गुरुवार रात स्थानीय पुलिस ने हिरासत में लिया था और बाद में उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि उनके घर पर सादे कपड़ों में 40 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद थे। पोस्ट में कहा गया, ”रात में उन्हें घर से हिरासत में लेने के बाद अलवर पुलिस एक बार फिर उनके घर पहुंच गई।”
सीजेपी के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि राजस्थान पुलिस ने पार्टी के प्रवक्ता दीपक बालियान और उनके भाई के साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि बालियान को हिरासत में लिया गया और उनके भाई के सिर में चोट लगी।
CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने कहा, ”बीजेपी एक माफिया सरगना की तरह व्यवहार कर रही है और बीजेपी शासित राज्यों में अपने नेटवर्क के साथ मिलकर काम कर रही है।”
श्रीगंगानगर में भी CJP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने पार्टी के कुछ सदस्यों को हिरासत में लिया। हालांकि, स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना था कि कार्यकर्ताओं को हिरासत में नहीं लिया गया बल्कि उन्हें समझाकर छोड़ दिया गया।
CJP के सौरव दास ने दिया 24 घंटे का ‘अल्टीमेटम’
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख और समय तय करने को कहा है। सीजेपी के नेता आशुतोष रांका और सौरव दास सोमवार को इस मांग को लेकर संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे।
