बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को विधानसभा में बतौर विधायक शपथ ग्रहण की। विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार की मौजूदगी में उन्होंने शपथ ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने अपने शपथ लेने को ‘बहुत ही सम्मान की बात’ बताया।

शपथ ग्रहण के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज इस सदन का हिस्सा बनकर बहुत सम्मानित महसूस हो रहा है और मैं उस जिम्मेदारी को निभाने की पूरी कोशिश करूंगा जो मेरे कंधों पर आ गई है।

‘लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा’

प्रशांत किशोर ने कहा, “ऐसे सदन का हिस्सा होना बहुत सम्मान की बात है जिसे श्री कृष्ण सिंह, अनुग्रह नारायण सिंह, केदार पांडे, कर्पूरी ठाकुर, लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार, रामविलास पासवान और सुशील कुमार मोदी जैसे नेताओं ने रिप्रेजेंट किया है। विधानसभा का सदस्य होने के नाते एक बड़ी जिम्मेदारी कंधो पर आ गई है। मैं लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।”

शपथ लेने के बाद पहुंच गए चुनाव क्षेत्र में

विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर अपने चुनाव क्षेत्र में पब्लिक मीटिंग के लिए पहुंचे जहां उन्होंने बांकीपुर के हर वार्ड में लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह अपने चुनावी वादे को जरूर पूरा करेंगे। वह पहले ही 24 में से 14 वार्ड कवर कर चुके हैं। प्रशांत किशोर पहले ही कह चुके हैं कि वह सबसे पहले 10 हजार नौकरियों वाले वादे को पूरा करने की तैयारी में लगे हैं।

पहली बार चुनाव लड़े प्रशांत किशोर और दर्ज की धमाकेदार जीत

बता दें कि प्रशांत किशोर ने 30 जुलाई को हुए बांकीपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नीरज कुमार सिन्हा को लगभग 20,000 वोटों से हराया, जिससे इस सीट पर रूलिंग पार्टी का तीन दशक पुराना कब्जा खत्म हो गया था। BJP के नेशनल प्रेसिडेंट नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए नॉमिनेट होने के बाद सीट खाली करने की वजह से उपचुनाव कराना पड़ा था। प्रशांत किशोर पहली बार चुनाव लड़े और पहली ही बार में धमाकेदार जीत दर्ज की।

यह भी पढ़ें: ‘अपना CV मेरे ऑफिस में भिजवा दीजिए, हम नौकरी दिलाने में मदद करेंगे’, विधायक बनने के बाद बांकीपुर में बोले प्रशांत किशोर

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीतकर सुर्खियों में बने हुए जन सुराज पार्टी के लीडर प्रशांत किशोर विधायक बनने के बाद युवाओं को रोजगार दिलाने पर अपना फोकस बनाए हुए हैं। मंगलवार को बांकीपुर में एक पब्लिक भाषण के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर आपके बच्चे पढ़े-लिखे हैं, लेकिन बेरोजगार हैं तो उनकी पढ़ाई और काबिलियत बताते हुए उनका CV तैयार करके मेरे ऑफिस में भेज दीजिए, हम उन्हें प्राइवेट सेक्टर में अच्छी नौकरी दिलाने में मदद करने की कोशिश करेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर…