Prashant Kishor Net Worth: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियों में तेजी के बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपने चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति का खुलासा किया है। 49 साल के प्रशांत किशोर 198 करोड़ के मालिक हैं। उनके पास 96 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं, उनकी पत्नी जाह्नवी दास के पास करीब 112 करोड़ की संपत्ति है।

हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर के नाम पर 22.19 करोड़ की चल, 73.87 करोड़ की अचल संपत्ति है। यह कुल मिलाकर 96.07 करोड़ बनती है। उन पर 5.77 करोड़ का कर्ज भी है। वहीं प्रशांत किशोर की पत्नी डॉक्टर जाह्नवी दास के पास 89.51 करोड़ की चल, 12.42 करोड़ की अचल संपत्ति है। प्रशांत किशोर को उनकी पत्नी जाह्नवी ने 41 लाख रुपये दिए हैं।

प्रशांत किशोर के पास में कोई कार नहीं हैं। वहीं अगर बात आभूषणों की करें तो किशोर के पास 1.35 लाख रुपये की सोने की अंगूठी है। उनकी पत्नी के पास 64.12 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 46000 रुपये के चांदी के आभूषण हैं।

जन सुराज को कितना चंदा दिया?

प्रशांत किशोर ने हलफनामे में बताया कि उनके पस वेदहास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक कंपनी में 100 फीसदी कंट्रोलिंग शेयर है। उन्होंने शपथ पत्र में यह भी साफ किया कि 2024-25 में जन सुराज को 85 करोड़ का चंदा दिया। जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख दिए। जॉय ऑफ गिविंग को 2 करोड़ 75 लाख 2023-24 में दिए।

प्रशांत किशोर के नाम पर बिहार के रोहतास में स्थित एक बंद पड़ी चावल मिल है। दिल्ली में एक फ्लैट, गाजियाबाद में दो फ्लैट और पैतृक संपत्ति में हिस्सा है। वहीं उनकी पत्नी के नाम पर गुवाहाटी में कई संपत्तियां हैं और नोएडा के जेपी ग्रीन्स में एक फ्लैट रजिस्टर्ड किया गया है।

कितने पढ़े-लिखे हैं प्रशांत किशोर

हलफनामे के अनुसार, किशोर ने फ्रेंच लैंगुएज का कोर्स भी किया है। उन्होंने 1991 में 10वी क्लास पास की, 1993 में पटना के साइंस कॉलेज से 12वी की पढ़ाई पूरी की और 1996 से 1999 के बीच लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। हलफनामे में यह भी कहा गया है कि प्रशांत किशोर के खिलाफ आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि, हलफनामे में यह साफ किया गया है कि इन मामलों में से किसी में भी उन्हें अभी तक दोषी नहीं ठहराया गया है।

यह भी पढ़ें: बांकीपुर में बीजेपी के उम्मीदवार बदलने से मजबूत हुए प्रशांत किशोर? आरजेडी की भी बढ़ गई उम्मीद

बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को विधानसभा उपचुनाव होने वाले हैं। हालांकि BJP के अपने उम्मीदवार को बदलने के फैसले ने पहले से ही मुकाबले में एक नया मोड़ ला दिया है। जन सुराज पार्टी (JSP) के चीफ प्रशांत किशोर के बांकीपुर से चुनाव लड़ने के फैसले ने पहले ही पूरे राज्य का ध्यान खींचा है। हालांकि चारा घोटाले में अपने पिता के दोषी पाए जाने के कारण बीजेपी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार का नाम वापस लेने से विपक्ष खासकर प्रशांत किशोर को चुनाव प्रचार का एक मुद्दा मिल गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…