Jammu-Kashmir News: कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी में लागू किए गए कड़े सुरक्षा उपायों पर टिप्पणी करते हुए जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि कश्मीर मॉडल को दिल्ली में लागू किया गया है।
शुक्रवार रात 10 बजे से सेंट्रल दिल्ली में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश दिया गया है। उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “कश्मीर मॉडल को दिल्ली में निर्यात किया गया है। नए जम्मू-कश्मीर के मॉडल पर बनी नई दिल्ली में आपका स्वागत है।”
चुनाव निष्पक्ष नहीं हैं, तो यह लोकतंत्र कैसे- उमर अब्दुल्ला
दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा, “अगर चुनाव निष्पक्ष नहीं हैं, तो यह लोकतंत्र कैसे हो सकता है।” वह दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक के लिए आए थे। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को दोहराते हुए कहा, “हम चाहते हैं कि बीजेपी को लाभ पहुंचाने के लिए मतदाता सूचियों से हटाए गए नामों को वापस लिया जाए। पुरानी मतदाता सूचियों को बहाल किया जाए और चुनाव प्रक्रिया को साफ-सुथरा बनाया जाए।”
बीजेपी चुनाव आयोग की ओर से बोल रही- उमर अब्दुल्ला
उमर ने कहा कि चुनाव आयोग से सवाल पूछे जा रहे हैं, लेकिन जवाब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “संबंध इस प्रकार हैं कि बीजेपी चुनाव आयोग की ओर से बोल रही है।” राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर में परिसीमन प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग के आचरण पर सवाल उठाए थे।
उमर अब्दुल्ला ने कहा, “जम्मू-कश्मीर में परिसीमन क्यों किया गया? सिर्फ बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए। सात सीटें जोड़ी गईं और बीजेपी ने उन सात सीटों में से कितनी सीटें जीतीं? छह। हम तब से कहते आ रहे हैं कि चुनाव आयोग जम्मू-कश्मीर में जनता के जनादेश को विकृत करने के लिए बीजेपी के साथ मिलीभगत कर रहा था। वही सिलसिला जारी है।”
यह भी पढ़ें: दिल्ली में 57 नहीं अब 45 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद, सड़क मार्ग को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी
सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद सरकार ने दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने के आदेश को वापस ले लिया है और रिवाइज कर 45 स्टेशन बंद रखने का नया अपडेट जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मेट्रो स्टेशन पूर्णत: बंद रखने के आदेश पर दोबारा विचार करने को कहा था। इधर सड़क मार्ग को लेकर भी एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस ने 10 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से रूट डायवर्जन की भी जानकारी दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
